ODI World Cup 2027: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड अब वनडे विश्व कप 2027 की तैयारियों में जुट गया है। हालांकि टूर्नामेंट में अभी एक साल से ज्यादा का समय बाकी है, लेकिन बीसीसीआई अभी से टीम का ब्लूप्रिंट तैयार करने की योजना बना रहा है। इसी कड़ी में भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाली टेस्ट और वनडे सीरीज को काफी अहम माना जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक आज भारतीय टीम का ऐलान किया जा सकता है। अफगानिस्तान के खिलाफ पहले एक टेस्ट मैच खेला जाएगा और उसके बाद तीन वनडे मुकाबले होंगे। माना जा रहा है कि चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर की अध्यक्षता में चयन समिति की बैठक होगी, जिसमें खिलाड़ियों के प्रदर्शन और फिटनेस पर चर्चा की जाएगी।
इन खिलाड़ियों पर दिया जाएगा खास ध्यान
सूत्रों के अनुसार चयनकर्ताओं की नजर सिर्फ अफगानिस्तान सीरीज पर नहीं, बल्कि 2027 वनडे विश्व कप पर भी है। टीम चयन के दौरान भविष्य की रणनीति और संभावित खिलाड़ियों पर खास ध्यान दिया जाएगा। इस बैठक में सबसे ज्यादा चर्चा विराट कोहली और रोहित शर्मा के भविष्य को लेकर हो सकती है। रिपोर्ट्स में कहा गया है कि दोनों खिलाड़ी अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में खेलते नजर आ सकते हैं। हालांकि चयनकर्ता फिटनेस को लेकर कोई समझौता नहीं करना चाहते।
विराट कोहली का हालिया प्रदर्शन
विराट कोहली का हालिया प्रदर्शन शानदार रहा है, इसलिए उनकी जगह लगभग तय मानी जा रही है। वहीं रोहित शर्मा की फिटनेस और फॉर्म पर चर्चा हो सकती है। इसके अलावा रवींद्र जडेजा के नाम पर भी विचार किया जाएगा। टीम प्रबंधन की चिंता हार्दिक पांड्या की गेंदबाजी को लेकर भी है। सवाल यह है कि क्या वह वनडे क्रिकेट में लगातार 10 ओवर फेंक पाएंगे या नहीं। इसी वजह से चयनकर्ता युवा ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी को मौका देने पर विचार कर रहे हैं। अब सभी की नजर बीसीसीआई की घोषणा पर टिकी हुई है। माना जा रहा है कि अफगानिस्तान सीरीज के लिए चुनी जाने वाली टीम ही आने वाले वनडे विश्व कप 2027 की तैयारी की पहली झलक होगी।
Also read: IPL 2026: प्ले-ऑफ में आरसीबी की जगह हुई पक्की, अब 3 स्पॉट के लिए 7 टीमों में जंग, जानें क्या कहता है गणित