Haryana News: हरियाणा के नूंह जिले में पुलिस और एक वांटेड हिस्ट्रीशीटर के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है। यह घटना पुन्हाना क्षेत्र के गांव नई में हुई, जहां पुलिस की टीम ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को पकड़ने के लिए कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, आरोपी रहीस पुत्र सुमेर, गांव नई का रहने वाला है और उसके खिलाफ लूट, हत्या और डकैती जैसे गंभीर अपराधों के करीब 20 मामले दर्ज हैं। वह काफी समय से पुलिस की पकड़ से बाहर था और उसे पकड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे।
CIA को मिली थी जानकारी
बताया जा रहा है कि अपराध जांच शाखा (CIA) नूंह और पुन्हाना की संयुक्त टीम को रहीस के गांव में छिपे होने की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे घेरने की कोशिश की। जैसे ही पुलिस टीम आरोपी के करीब पहुंची, उसने जान से मारने की नीयत से अवैध कट्टे से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी रहीस के दाहिने पैर में गोली लग गई। वहीं इस मुठभेड़ में पुलिस का एक जवान, सिपाही गौतम भी घायल हो गया। उसके पैर में गोली लगी है और उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने बरामद किए अवैध हथियार
घटनास्थल से पुलिस ने एक अवैध कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। घायल आरोपी को इलाज के लिए नल्लहड़ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रहीस एक कुख्यात अपराधी है और लंबे समय से फरार चल रहा था। उसके खिलाफ नूंह और आसपास के क्षेत्रों में कई गंभीर केस दर्ज हैं। इस कार्रवाई को पुलिस के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है।
फिलहाल दोनों घायलों का इलाज जारी है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपी के अन्य साथियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। इस मुठभेड़ के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस सतर्क नजर आ रही है।
Also read: फरीदाबाद में कुत्ते से क्रूरता पर कोर्ट सख्त, मालिक पर लगा जुर्माना