अमेरिकी नागरिकों से लूटपाट करने वालों से पुलिस की मुठभेड़, दो बदमाश गिरफ्तार

अमेरिकी नागरिकों से लूटपाट करने वालों से पुलिस की मुठभेड़, दो बदमाश गिरफ्तार

Delhi Encounter: उत्तर प्रदेश की तर्ज पर दिल्ली पुलिस ने भी 'ऑपरेशन लंगड़ा' अभियान चलाया है। इसके तहत पुलिस ने एक अमेरिकी नागरिक से लूटपाट करने वाले दो बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। यह घटना 25-26जून की रात को अमर कॉलोनी के आस्था कुंज डीडीए पार्क में हुई थी, जहां अक्षय और जतिन नाम के बदमाशों ने एक अमेरिकी लॉ स्टूडेंट को घायल कर उससे लूटपाट की थी। उस समय पीड़ित अपनी महिला मित्र के साथ वापस होटल जा रहा था।अमेरिकी नागरिक के साथ हुई इस वारदात ने दिल्ली पुलिस को खुली चुनौती दी, जिसके बाद बदमाशों की पहचान की गई और उन्हें पकड़ने के लिए अभियान चलाया गया।

कैसे पकड़ाए बदमाश?

रविवार सुबह 5बजे, एक गुप्त सूचना के आधार पर दिल्ली पुलिस ने उसी आस्था कुंज पार्क में जाल बिछाया। अतिरिक्त डीसीपी (साउथ ईस्ट) ऐश्वर्य सिंह ने बताया कि पुलिस ने दोनों बदमाशों को पार्क में देखा और उन्हें  सरेंडर करने को कहा। हालांकि, बदमाशों ने सरेंडर करने के बजाय पुलिस टीम पर गोलीबारी शुरू कर दी। इस दौरान दो गोलियां इंस्पेक्टर और हेड कांस्टेबल की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगीं। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिससे दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी और उन्हें मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

आदतन अपराधी हैं आरोपी

पुलिस ने आरोपियों के पास से एक पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, एक देसी कट्टा बरामद किया। इसके अलावा लूटा गया मोबाइल फोन, फायरिंग में इस्तेमाल किए गए गोलियों के खोखे और पुलिस जैकेट पर लगी गोलियों के टुकड़े बरामद किए।  पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी अक्षय और जतिन आदतन अपराधी हैं और नशे के आदी हैं. वे अक्सर लूटपाट की वारदातों को अंजाम देने की फिराक में रहते थे।

Leave a comment