Dubaifly Attack: फ्लाईदुबई की दुबई-तेल अवीव फ्लाइट में को-पायलट के हमले में घायल भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉल पर बात की। पीएम मोदी ने उनकी हिम्मत, सूझबूझ और मुश्किल समय में धैर्य बनाए रखने की तारीफ की। उन्होंने कहा कि पूरा देश उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहा है। प्रधानमंत्री से बातचीत के दौरान कैप्टन स्मित काफी भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी उनके सबसे बड़े आदर्श हैं और इस मुश्किल समय में प्रधानमंत्री का फोन आना उनके लिए गर्व की बात है। स्मित ने बताया कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उन्हें प्रधानमंत्री से बात करने का मौका मिलेगा।
स्मित ने पीएम मोदी को बताया कि हमले के दौरान उन्हें गंभीर चोटें आई थीं। वह गिर गए थे, लेकिन उन्हें समझ आ गया था कि अगर वह नहीं उठे तो विमान और उसमें सवार लोगों की जान खतरे में पड़ सकती है। उन्होंने खुद को संभाला और दोबारा उठकर कॉकपिट का दरवाजा खोलने की कोशिश की।
17 साल से उड़ा रहे हैं विमान
कैप्टन स्मित ने बताया कि वह करीब 17 साल से विमान उड़ा रहे हैं और पिछले 11 साल से कैप्टन हैं। लंबे अनुभव की वजह से वह गंभीर स्थिति में भी समझ पा रहे थे कि विमान में क्या हो रहा है। उन्होंने कहा कि उन्हें पता था कि उन्हें अपनी तरफ से आखिरी कोशिश करनी होगी। कॉकपिट का दरवाजा खुलने के बाद दूसरे लोग भी अंदर पहुंचे और हालात को संभालने में मदद मिली। घटना के बाद विमान को सऊदी अरब के तबुक की ओर मोड़ा गया, जहां उसकी सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। फ्लाइट में 170 से ज्यादा लोग सवार थे।
हमले के बीच पढ़ रहे थे हनुमान चालीसा
बातचीत में स्मित ने बताया कि मुश्किल समय में वह हनुमान चालीसा का पाठ करते हैं। विमान में हमले के दौरान भी वह हनुमान चालीसा पढ़ रहे थे। उनके मन में यही था कि विमान में मौजूद किसी भी व्यक्ति की जान नहीं जानी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि इस पूरी घटना में केवल उनकी ही नहीं, बल्कि विमान में मौजूद अन्य लोगों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। सभी ने मिलकर मुश्किल स्थिति से बाहर निकलने में मदद की।
पीएम मोदी ने मां के संस्कारों का किया जिक्र
पीएम मोदी ने कैप्टन स्मित की बहादुरी की तारीफ करते हुए कहा कि भारत गर्व से कह सकता है कि भारतीय दूसरों की जान लेने वाले नहीं, बल्कि जरूरत पड़ने पर दूसरों की जान बचाने के लिए अपनी जान जोखिम में डालने वाले लोग हैं। प्रधानमंत्री ने स्मित की मां गीता बेन का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उन्होंने भगवद्गीता की सीख और अच्छे संस्कारों के साथ स्मित को बड़ा किया है। पीएम मोदी ने कैप्टन स्मित के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।
Also read: Delhi News: दिल्ली ट्रैफिक अलर्ट...जंतर-मंतर पर प्रदर्शन को लेकर एडवाइजरी जारी, कनॉट प्लेस, पटेल चौक समेत कई रास्तों पर डायवर्जन लागू