Summer Special Trains: गर्मी के मौसम में बढ़ती यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने बड़ी तैयारी शुरू कर दी है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुरुवार को गर्मियों की स्पेशल ट्रेनों की समीक्षा बैठक की और अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उन ट्रेनों की प्रगति पर चर्चा हुई, जिन्हें ज्यादा भीड़ वाले रूटों पर चलाया जा रहा है। रेल मंत्रालय के मुताबिक, भारतीय रेल 15 अप्रैल से 15 जुलाई 2026 के बीच कुल 18,262 स्पेशल ट्रेन ट्रिप चलाने की योजना बना रहा है। इनमें से 11,878 ट्रिप पहले ही घोषित की जा चुकी हैं, जबकि बाकी ट्रेनों की जानकारी चरणबद्ध तरीके से दी जाएगी। इस कदम का मकसद यात्रियों को राहत देना और यात्रा को आसान बनाना है।
बड़े रेलवे स्टेशनों पर खास ध्यान
देश के बड़े रेलवे स्टेशनों पर खास ध्यान दिया जा रहा है। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस, लोकमान्य तिलक टर्मिनस, पुणे रेलवे स्टेशन और अहमदाबाद रेलवे स्टेशन जैसे प्रमुख स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो। सूरत के उधना स्टेशन पर रियल-टाइम भीड़ प्रबंधन सिस्टम शुरू किया गया है। यहां रेलवे सुरक्षा बल के जवान यात्रियों को सुरक्षित तरीके से ट्रेन में चढ़ने में मदद कर रहे हैं। इससे भारी भीड़ के बावजूद व्यवस्था बेहतर बनी हुई है।
ट्रेनों में जोड़ा जाएगा अतिरिक्त कोच
इसके अलावा कई ट्रेनों में अतिरिक्त कोच भी जोड़े जा रहे हैं। जैसे लालगढ़–दिल्ली सराय ट्रेन में 3rd AC और स्लीपर कोच बढ़ाए गए हैं। जयपुर–जोधपुर ट्रेन में भी AC कोच जोड़े गए हैं। वहीं इंदौर-भगत की कोठी और जोधपुर–वाराणसी जैसी ट्रेनों में स्लीपर और जनरल कोच की संख्या बढ़ाई गई है। रेलवे का कहना है कि गर्मियों में घर जाने वाले यात्रियों को प्राथमिकता दी जा रही है। बेहतर प्रबंधन और अतिरिक्त ट्रेनों के जरिए इस बार सफर को ज्यादा आरामदायक बनाने की कोशिश की जा रही है।
Also read: ‘152 में से 110 से ज्यादा सीटें भाजपा जीतने जा रही है’ पहले चरण के मतदान के बाद अमित शाह ने किया बड़ा दावा