
नई दिल्ली: उत्तरी जापान के फुकुशिमा तट पर बुधवार रात को 7.4तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया, जिसने भारी तबाही मचाई है। हादसे में अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है और 90 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने बताया कि स्थानीय समयानुसार बुधवार रात 11बजकर 36मिनट पर आए भूकंप का केंद्र समुद्र में 60 किलोमीटर की गहराई में था। यह क्षेत्र उत्तरी जापान का हिस्सा है, जो 2011में नौ तीव्रता वाले विनाशकारी भूकंप और सुनामी से तबाह हो गया था। भूकंप के कारण परमाणु आपदा भी आई थी।
न्यूज एजेंसी एएफपी ने टोक्यो इलेक्ट्रिक पावर कंपनी के हवाले से बताया कि भूकंप के बाद करीब 20लाख घरों की बिजली सप्लाई बाधित हुई और वे अंधेरे में डूब गए। इसमें सिर्फ राजधानी टोक्यो के 7,00,000 घर शामिल हैं। जापान के प्रधानमंत्री फुमिओ किशिदा ने गुरुवार सुबह संसद के एक सत्र में कहा कि भूकंप के दौरान चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 97अन्य घायल हुए हैं। प्रधानमंत्री फुमिओ किशिदा ने कहा कि भूकंप के कारण फुकुशिमा और मियागी के बीच एक तोहोकू शिंकानसेन एक्सप्रेस ट्रेन आंशिक रूप से पटरी से उतर गई, लेकिन कोई घायल नहीं हुआ। उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि सरकार नुकसान का आकलन कर रही है। इसके साथ ही उन्होंने बचाव एवं राहत कार्यों के लिए हर संभव प्रयास करने का वादा किया।
भूकंप के कारण कई इमारतों को नुकसान पहुंचा है और कई घरों की टूटी दीवारें जमीन पर गिरी दिखाई दी। फुकुशिमा शहर में खिड़कियों के टुकड़े दिखाई दे रहे हैं और कई सड़कें भी टूट गई हैं। भूकंप के झटकों ने जापान के लोगों के जहन में साल 2011 की फुकुशिमा त्रासदी की काली यादें ताजा कर दी, जब 11 साल पहले जापान में 9.0 9.1 तीव्रता का भयानक भूकंप आया था, जिसके बाद आई सुनामी ने फुकुशिमा परमाणु संयंत्र को बर्बाद कर दिया था. सुनामी से करीब 18,500 लोग मारे गए थे या लापता हो गए थे।
Leave a comment