न्यूयॉर्क के इतिहास में पहली बार, मेयर जोहरान ममदानी ने कुरान पर हाथ रखकर ली शपथ

न्यूयॉर्क के इतिहास में पहली बार, मेयर जोहरान ममदानी ने कुरान पर हाथ रखकर ली शपथ

New York City Mayor: न्यूयॉर्क सिटी के नए मेयर जोहरान ममदानी ने इतिहास रच दिया। वे न सिर्फ शहर के पहले दक्षिण एशियाई, मिलेनियल और मुस्लिम मेयर बने हैं, बल्कि शपथ ग्रहण के दौरान कुरान पर हाथ रखकर शपथ लेने वाले पहले मेयर भी बन गए हैं। गुरुवार, 1 जनवरी आधी रात के बाद हुए निजी शपथ ग्रहण समारोह में उन्होंने इस्लाम के पवित्र ग्रंथ क़ुरान पर हाथ रखकर पद की शपथ ली।

इस खास मौके पर इस्तेमाल की गई कुरान की भी अपनी ऐतिहासिक पहचान है। इनमें से एक कुरान ममदानी के दादा की है, जबकि दूसरी कुरान प्रसिद्ध अश्वेत लेखक और इतिहासकार आर्टुरो शॉमबर्ग की थी। शॉमबर्ग की कुरान न्यूयॉर्क पब्लिक लाइब्रेरी ने मेयर को इस समारोह के लिए उपलब्ध कराई।

कुरान की क्या थी खास बात

गुरुवार दोपहर सिटी हॉल में होने वाले सार्वजनिक शपथ ग्रहण समारोह में ज़ोहरान ममदानी अपने दादा और दादी की कुरान का इस्तेमाल करेंगे। शॉमबर्ग की क़ुरान का चयन न्यूयॉर्क की विविधता और उसके धार्मिक, नस्लीय और सांस्कृतिक मेल-जोल का प्रतीक माना जा रहा है। न्यूयॉर्क पब्लिक लाइब्रेरी की मध्य पूर्व और इस्लामिक अध्ययन की क्यूरेटर हिबा आबिद ने कहा कि यह एक बेहद प्रतीकात्मक फैसला है। उन्होंने बताया कि जोहरान ममदानी अफ्रीकी महाद्वीप के युगांडा में जन्मे हैं और अब वे एक मुस्लिम मेयर के रूप में क़ुरान पर शपथ ले रहे हैं। ये आस्था, पहचान और न्यूयॉर्क के इतिहास को एक साथ जोड़ता है।

आर्टुरो शॉमबर्ग क्यों था कुरान?

आर्टुरो शॉमबर्ग का जन्म प्यूर्टो रिको में हुआ था। वे मुस्लिम नहीं थे, लेकिन उन्होंने क़ुरान को अपनी ऐतिहासिक पुस्तकों और दस्तावेजों के संग्रह में शामिल किया था। उनका मकसद अश्वेत समुदाय के धार्मिक और सांस्कृतिक जीवन की पूरी तस्वीर दिखाना था। उन्होंने 1926 में अपना संग्रह न्यूयॉर्क पब्लिक लाइब्रेरी को बेच दिया था, जिससे शॉमबर्ग सेंटर की नींव पड़ी।

शॉमबर्ग की कुरान पहली बार आम जनता के लिए एक विशेष प्रदर्शनी में प्रदर्शित की जाएगी। यह प्रदर्शनी शॉमबर्ग सेंटर की 100वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित की जा रही है। कानूनन किसी भी निर्वाचित प्रतिनिधि के लिए धार्मिक ग्रंथ पर शपथ लेना जरूरी नहीं होता, लेकिन ज़ोहरान ममदानी का यह कदम न्यूयॉर्क के इतिहास में एक नई मिसाल बन गया है। 

Leave a comment