IMD Weather Update: देशभर में मानसून का दौर जारी है। इस बीच, भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कल 23 जुलाई के लिए देश के कई हिस्सों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। IMD के ताजा अपडेट के अनुसार, उत्तर भारत से लेकर पूर्वी और मध्य भारत तक मानसून की सक्रियता बढ़ने वाली है। इस दौरान गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश और 80 से 85KMPH की तेज रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। ताजा अपडेट के अनुसार, IMD ने यूपी-बिहार समेत 11 राज्यों के लिए भारी बारिश की संभावना जताई है।
इन राज्यों में झमाझम बारिश का अलर्ट
IMD की मानें तो दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ और राजस्थान में बारिश का अलर्ट है। इसके अलावा बिहार, झारखंड, ओडिशा, असम, मेघालय, गुजरात क्षेत्र, कोंकण-गोवा, मध्य महाराष्ट्र और विदर्भ में भी गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान जताई गया है। तो वहीं, पहाड़ी इलाकों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी बारिश के साथ भूस्खलन का खतरा है। इस दौरान आंधी और तेज हवाओं का दौर जारी रहेगा।
Also read: यात्रियों के लिए राहत भरी खबर, DMRC ने खोले मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशन के एंट्री गेट्स
दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली के मौसम की बात करें तो पिछले दिनों हुई बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। IMD ने राजधानी में 23 जुलाई के लिए आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस, तो न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश में बारिश का अलर्ट
IMD ने उत्तर प्रदेश के लिए भी बारिश का अलर्ट जारी किया है। अपडट के अनुसार, मेरठ, मथुरा, आगरा, कानपुर जैसे कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान आंधी के साथ तेज हवाओं का दौर जारी रहेगा।
बिहार में बारिश की चेतावनी
बिहार के लिए बारिश की चेतावनी जारी की गई है। पटना, सिवान, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा जैसे कई इलाकों में भारी बारिश का दौर जारी रहेगा। इस दौरान 50 से 60KMPH की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलेगी। भारी बारिश की वजह से जलभराव की समस्या भी लोगों को परेशान कर सकती है।
पहाड़ी राज्यों में कैसा रहेगा मौसम?
उत्तराखंड के बागेश्वर, अल्मोड़ा, देहरादून, नैनीताल, ऋषिकेश, हरिद्वार और रुद्रप्रयाग में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलेगी। तो वहीं, हिमाचल प्रदेश के सोलन, बिलासपुर, शिमला जैसे कई इलाकों में बारिश की चेतावनी दी गई है। जम्मू-कश्मीर में भी भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है।