Rishikesh Train Derail: उत्तराखंड के योगनगरी ऋषिकेश रेलवे स्टेशन के पास एक बड़ा रेल हादसा टल गया। दरअसल, बीती रात स्टेशन के पास खांड गांव इलाके में उज्जैनी एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 14317) के तीन डिब्बे शंटिंग के दौरान पटरी से उतर गए। जिसके बाद एक बोगी अनियंत्रित होकर पिलर से टकरा गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। लेकिन गनीमत यह रही कि यह ट्रेन खाली थी, इसमें एक भी यात्री सवार नहीं था।
बता दें, हादसे के समय घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और मौके पर स्थानीय लोग की भीड़ जमा हो गई। तो वहीं, घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीमें भी तुरंत मौके पर पहुंची।
Also read: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों पर आवास विभाग ने तेज की कार्रवाई, दोनों परियोजनाओं को मिली सैद्धान्तिक सहमति
हादसे के समय खाली थी ट्रेन
सुरक्षाबलों ने तुरंत कार्रवाई शुरु की। तो वहीं, रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह हादसा शंटिंग प्रक्रिया यानी मेंटेनेंस और वॉशिंग लाइन में ट्रेन को व्यवस्थित करने के दौरान हुई। ट्रेन में उस समय कोई यात्री सवार नहीं था, इसलिए किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि, हादसे में ट्रेन के इंजन और तीन एलएचबी कोच को नुकसान हुआ।
उन्होंने अनुसार, शुरुआती जांच में ब्रेक फेलियर, लोको पायलट की लापरवाही या ट्रैक समस्या हादसे के कारण हो सकते हैं। उन्होंने आगे बताया कि रेलवे बोर्ड ने उच्चस्तरीय जांच के आदेश देते हुए जांच कमेटी का गठन कर दिया है, जो हादसे के सही कारणों का पता लगाएगी।