CM Yogi Adityanath Statement: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक (131वां संशोधन) के लोकसभा में गिरने पर विपक्ष पर तीखा हमला बोला है। दरअसल, लखनऊ में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में CM योगी ने कहा कि महिला आरक्षण पर विपक्ष की सोच कुत्सित है और यह देश की नारी शक्ति के साथ विश्वासघात है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस विधेयक से किसी का हक नहीं छीना जा रहा, बल्कि महिलाओं को उनके लोकतांत्रिक अधिकार दिए जा रहे हैं।
CM योगी ने क्या कहा?
CM योगी ने कहा कि आज भारत के महान लोकतंत्र के इतिहास में एक काला अध्याय जुड़ गया है। विपक्ष द्वारा ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के लिए आवश्यक संविधान संशोधन विधेयक को पारित नहीं होने देना भारत माता के सम्मान पर आघात है। यह देश की समूची मातृशक्ति के साथ धोखा और उनके लोकतांत्रिक अधिकारों का हरण है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि विधेयक का मकसद लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देना तथा लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाना था, ताकि 2029 में यह आरक्षण लागू हो सके। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस और वाम दलों ने इस बिल को रोककर आधी आबादी के अधिकारों पर डाका डाला है।
Also read: UP News: नहीं देखा होगा ऐसा कलयुगी पिता...सोते समय जुड़वां बेटियों का रेत डाला गला, खौफनाक मंजर देख पुलिस भी सन्न
विपक्ष भ्रम फैला रहा
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विपक्ष परिसीमन और सीट बढ़ोतरी को लेकर भ्रम फैला रहा है, जबकि वास्तविकता यह है कि आरक्षण किसी की सीट छीनने के लिए नहीं, बल्कि महिलाओं को नई भागीदारी देने के लिए है। उन्होंने विपक्ष की सोच को नकारात्मक और कुत्सित बताते हुए कहा कि देश की महिलाएं इस छल और अन्याय को याद रखेंगी और समय आने पर इसका उचित जवाब देंगी। बता दें, बीजेपी का दावा है कि यह विधेयक महिलाओं को सशक्त बनाने और विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम था।