PM Modi on Sikkim Tunnel Tragedy: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को सिक्किम के नामची जिले में निर्माणाधीन सुरंग के ढहने से हुई जानमाल की हानि पर गहरा दुख व्यक्त किया। इसी के साथ उन्होंने मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। इसके अलावा PM मोदी ने इस घटना में घायल हुए लोगों के लिए 50,000 रुपये की राशि की भी घोषणा की।
बता दें, यह घटना सोमवार को सिक्किम के नामची जिले के समरदुंग में एनएचपीसी की तीस्ता चरण VI जलविद्युत परियोजना की निर्माणाधीन सुरंग में हुई। नामची जिला प्रशासन, एनएचपीसी अधिकारियों, SDRF, NDRF, सिक्किम पुलिस, अग्निशमन और आपातकालीन सेवाओं, स्वास्थ्य विभाग और अन्य संबंधित विभागों के समन्वय से बचाव अभियान जारी रखे हुए है।
नामची त्रासदी में घायलों और मृतकों को मिलेगा मुआवजा
प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक पोस्ट में कहा ‘सिक्किम के नामची में निर्माणाधीन सुरंग के ढहने से हुई जानमाल की हानि से मैं व्यथित हूं। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल जल्द से जल्द स्वस्थ हो जाएं। मृतकों के परिजनों को PMNRF से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।‘
Also read: Delhi News: आग ने छीन ली 3 जिंदगियां, दिल्ली की लोधी कॉलोनी में मां-बेटी की झुलसकर मौत
नामची त्रासदी में 10 शव बरामद
इस बीच, नामची जिले की पुलिस अधीक्षक सोनम डोलमा ने बताया ‘हमारे मौजूदा अनुमान के अनुसार, करीब 27 लोग फंसे हुए थे। यह संख्या घट-बढ़ सकती है, लेकिन हमारी जानकारी के आधार पर यह 27 है। अब तक हमने 10 शव बरामद किए हैं। हमने इनमें से अधिकांश की पहचान कर ली है, हालांकि तीन शवों की पहचान अभी बाकी है और यह प्रक्रिया जारी है।‘ उन्होंने बताया कि अधिकारी शवों को सौंपने की व्यवस्था के लिए पहचाने गए पीड़ितों के परिवारों और अभिभावकों से संपर्क कर रहे हैं। उन्होंने साफ तौर पर कहा ‘बरामद और पहचाने गए शवों में से तीन व्यक्ति पश्चिम बंगाल से, एक उत्तराखंड से, एक असम से और एक सिक्किम के नामची जिले का निवासी था।‘
घटना के कारण के बारे में सोनम डोलमा ने कहा कि अभी कोई निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी और विस्तृत जांच की आवश्यकता होगी। उन्होंने बताया कि कल रात से ही उनका मुख्य उद्देश्य बचाव कार्य को जल्द से जल्द पूरा करना रहा है। उन्होंने बताया कि पाकयोंग और सिलीगुड़ी की NDRF टीमों सहित कई एजेंसियां बचाव अभियान में शामिल हैं। इसके अलावा अग्निशमन सेवा और सिक्किम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (SDRF) सहित अन्य विभाग भी पूरी तरह से बचाव कार्य में लगे हुए हैं। इससे पहले दिन में, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री मोदी ने सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग से बात की और स्थिति और चल रहे बचाव कार्यों के बारे में जानकारी ली। शाह ने मुख्यमंत्री को बचाव प्रयासों में हर संभव सहायता और प्रभावित लोगों को समर्थन देने का आश्वासन दिया।