Faridabad Borewell Incident: हरियाणा के फरीदाबाद में एक दर्दनाक हादसे में एक 3 साल की मासूम बच्ची की जान चली गई। खेलते-खेलते मासूम बच्ची 200 फीट गहरे बोरवेल में गिर गई। जिसे बचाने के लिए करीब 10 घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चला और उसे आज 28 सितंबर सोमवार तड़के बाहर निकाला गया। लेकिन अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कहां-कैसे हुआ हादसा?
बताया जा रहा है कि यह हादसा सीही गांव में बीते दिन रविवार शाम करीब 6 बजे हुआ। जब 3 साल की मासूम बच्ची अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी। लेकिन पास खड़े एक ट्रैक्टर पर चढ़ते समय उसका पैर फिसला और वह खुले बोरवेल में गिर गई। आसपास के लोगों ने तुरंत बच्ची के परिवार और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस के साथ NDRF और SDRF की टीम घटनास्थल पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। बता दें, बच्ची को बचाने के लिए करीब 10 घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चला और उसे आज सुबह 3.50 बजे बाहर निकाला गया। जिसके बाद मासूम को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, लेकिन तब तक बच्ची ने दम तोड़ दिया था।
Also read: Haryana News: गुरुग्राम-झज्जर रोड पर दर्दनाक हादसा, CISF इंस्पेक्टर समेत 3 की मौत
इस घटना की जानकारी देते हुए NDRF के उपायुक्त कुणाल तिवारी ने बताया 'घटना शाम करीब 6 बजे हुई और हमारे नियंत्रण कक्ष को इसकी सूचना शाम 7.45 बजे मिली। हमारी टीम रात 9.05 बजे घटनास्थल पर पहुंची और NDRF, हरियाणा SDRF, राज्य पुलिस, राज्य अग्निशमन सेवा, यूपी सिविल डिफेंस (गाजियाबाद), चिकित्सा विभाग और नगर निगम के साथ मिलकर संयुक्त अभियान चलाया।'
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस जांच में सामने आया कि जिस बोरवेल में बच्ची गिरी, वह नगर निगम का था, जो पिछले 15 साल से बंद पड़ा था। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि बोरवेल का ढक्कन पहले लगा हुआ था, लेकिन बीते कुछ दिनों से उसका ढक्कन हटा हुआ था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।