Heat Wave School Holiday 2026: उत्तर भारत में अप्रैल में ही भीषण गर्मी और हीटवेव ने दस्तक दे दी है। तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने के साथ दिल्ली-UP से लेकर बिहार के स्कूलों पर असर पड़ा है। जिस वजह से प्रशासन ने छात्रों की सुरक्षा को देखते हुए स्कूल टाइमिंग में तुरंत बदलाव कर दिया है। हालांकि, दिल्ली में समर वेकेशन अभी तय कार्यक्रम के अनुसार 11 मई से शुरू होने की संभावना है।
दिल्ली-NCR में क्या बदलाव हुए?
बता दें, गौतम बुद्ध नगर के डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट ने सभी स्कूलों (सरकारी, प्राइवेट, CBSE, ICSE समेत) के लिए नई टाइमिंग जारी की है। 27 अप्रैल 2026 से स्कूल सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक चलेंगे। यह आदेश फिलहाल अगले आदेश तक लागू रहेगा। गाजियाबाद और आसपास के इलाकों में भी इसी तरह की व्यवस्था अपनाई जा रही है। हालांकि, दिल्ली सरकार की ओर से अभी पूरे राज्य में एकसमान टाइमिंग बदलाव नहीं किया गया है, लेकिन मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हीट वेव एक्शन प्लान 2026 को तुरंत लागू करने के निर्देश दे दिए हैं।
इसके तहत हर 45-60 मिनट में ‘वॉटर बेल’ बजाकर बच्चों को पानी पीने के लिए कहा जाएगा। दोपहर 11 बजे से 4 बजे तक आउटडोर एक्टिविटी, असेंबली, स्पोर्ट्स या फिजिकल ट्रेनिंग पूरी तरह बंद रहेगी। इसके अलावा सभी स्कूलों को 2 मई 2026 तक डायरेक्टरेट ऑफ एजुकेशन को कंप्लायंस रिपोर्ट जमा करनी होगी। साथ ही, जरूरत पड़ने पर ORS (ओरल रिहाइड्रेशन सॉल्यूशन) भी उपलब्ध कराया जाएगा।
Also read: IMD Alert: यूपी-बिहार में आंधी-तूफान संग भारी बारिश, दिल्ली-हरियाणा में मौसम लेगा करवट
समर वेकेशन 2026 का अपडेट
दिल्ली शिक्षा निदेशालय (DoE) के 2026-27 सत्र के शैक्षणिक कैलेंडर के मुताबिक सरकारी और सहायता प्राप्त स्कूलों में गर्मी की छुट्टियां 11 मई 2026 से 30 जून 2026 तक रहेंगी। यानी करीब 50 दिन की छुट्टियां। तो वहीं, निजी स्कूल भी ज्यादातर इसी पैटर्न पर चल रहे हैं। अभी किसी राज्य सरकार ने दिल्ली-NCR में छुट्टियां पहले करने का औपचारिक ऐलान नहीं किया है, लेकिन हीटवेव की तीव्रता को देखते हुए कुछ स्कूल खुद से पहले छुट्टी दे सकते हैं।
इन राज्यों में बदले स्कूल की टाइमिंग
1. बिहार की राजधानी पटना में कक्षा 1 से 8वीं तक 11.30 बजे तक संचालित की जाएगी।
2. उत्तराखंड के सरकारी स्कूल सुबह 7:30 बजे से लेकर दोपहर 1:30 बजे तक संचालित होंगे।
3. राजस्थान के सीकर में स्कूलों का समय बदल दिया गया है। यहां सुबह 7.30 से 11.30 बजे तक स्कूलों का संचालन किया जाएगा।
4. भीषण गर्मी के कारण भोपाल में 8वीं तक स्कूल बंद करने का फैसला लिया गया है।