
Delhi Weather:दिल्ली-NCR में 27 अक्टूबर 2025 को मौसम का मिजाज फिर से बदल रहा है। IMD के अनुसार, आज शाम या रात में हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है, जो पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हो सकती है। IMD ने बताया कि दिल्ली-NCR में आज सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए है, लेकिन दिन की शुरुआत धूप के साथ हुई। जिसके बाद दोपहर 12 बजे के आसपास कई जगहों पर हल्की बारिश भी हुई है। ऐसे में माना जा रहा है कि यह बदलाव न केवल मौसम को तरोताजा कर सकता है, बल्कि बढ़ती ठंड और प्रदूषण की समस्या पर भी असर डालेगा।
मौसम का बदलता मिजाज
दिल्ली-NCR में आज न्यूनतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के औसत से थोड़ा ऊपर है, जबकि अधिकतम तापमान 29-32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। हल्की बारिश के साथ हवाओं की गति बढ़ सकती है, जिससे दिनभर धुंध या हल्का कोहरा बना रह सकता है। IMD की भविष्यवाणी के मुताबिक, 27 और 28 अक्टूबर को शाम के समय एक या दो बार हल्की बूंदाबांदी हो सकती है, जो 29 अक्टूबर को क्लाउड सीडिंग प्रयोग से पहले की प्राकृतिक घटना होगी। यह विक्षोभ उत्तर भारत के अन्य हिस्सों जैसे हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों को भी प्रभावित कर सकता है।
बढ़ सकती है ठंड
अक्टूबर का महीना खत्म होने से पहले ही लोगों को ठंड का अहसास हो रहा है। इस महीने अधिकतम तापमान सामान्य से कम रहा है, जबकि न्यूनतम तापमान औसत के करीब। ला नीना प्रभाव के कारण इस साल सर्दी सामान्य से अधिक ठंडी होने की संभावना है, खासकर उत्तर भारत में। IMD का अनुमान है कि नवंबर से तापमान में और गिरावट आएगी, जिससे सुबह-शाम ठंडक बढ़ेगी। बारिश के बाद हवाओं से ठंड का अहसास और तेज हो सकता है, जो छठ पूजा जैसे त्योहारों को प्रभावित कर सकता है।
वायु प्रदूषण पर असर
दिल्ली-NCR में वर्तमान में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 268 से 315 के बीच 'बहुत खराब' श्रेणी में है, जिसमें PM10 और PM2.5 मुख्य प्रदूषक हैं। दिवाली के बाद प्रदूषण बढ़ा है, लेकिन हल्की बारिश से कुछ राहत मिल सकती है, क्योंकि बारिश कणों को जमीन पर गिरा सकती है और हवाएं प्रदूषकों को फैला सकती हैं। हालांकि, यह स्थायी समाधान नहीं है। दिल्ली सरकार 29 अक्टूबर को क्लाउड सीडिंग के माध्यम से कृत्रिम बारिश का प्रयोग करेगी, जो IIT कानपुर के सहयोग से होगा, ताकि प्रदूषण को कम किया जा सके।
Leave a comment