Delhi News: बीते दिन शनिवार को IIT दिल्ली के MSc भौतिकी विभाग के 31 वर्षीय छात्र की संस्थान परिसर में एक इमारत से कूदने के बाद कथित तौर पर मौत हो गई। दिल्ली पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना शनिवार को सुबह लगभग 8:33 बजे किशनगढ़ पुलिस स्टेशन को मिली, जिसके बाद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और घायल छात्र को IIT दिल्ली परिसर के अस्पताल ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिस ने बताया कि जांच और साक्ष्य जुटाने के लिए क्राइम टीम और फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) टीम को मौके पर बुलाया गया। शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला कि मृतक सुबह लगभग 8:00 बजे मुख्य द्वार से IIT दिल्ली परिसर में दाखिल हुआ था। इसके बाद वह लेक्चर हॉल कॉम्प्लेक्स गया, लिफ्ट से छठी मंजिल पर गया और कथित तौर पर इमारत के सामने से लेक्चर हॉल कॉम्प्लेक्स की ओर कूद गया।
पुलिस ने बताया कि अभी तक गिरने से लगी चोटों के अलावा शरीर पर कोई अन्य स्पष्ट चोट के निशान नहीं मिले हैं। दिल्ली पुलिस ने बताया ‘कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मृतक की जेब से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है जिसकी प्रक्रिया के अनुसार जांच की जाएगी।‘ पुलिस ने कहा कि संस्थान से काउंसलिंग रिकॉर्ड और अन्य संबंधित जानकारी प्राप्त की जा रही है और तथ्यों की पुष्टि की जा रही है। कानून के अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Also read: Aaj Ka Mausam: 19 राज्यों में बारिश का अलर्ट, दिल्ली-NCR में झमाझम बारिश; यूपी के 13 जिलों में बाढ़ जैसे हालात
इस बीच, पैनआईआईटी एलुमनाई इंडिया के अध्यक्ष प्रभात कुमार ने छात्र की मृत्यु पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह घटना IIT दिल्ली समुदाय के लिए एक दुखद क्षति है। उन्होंने कहा ‘IIT दिल्ली के एक युवा छात्र के दुखद निधन से हम बेहद दुखी हैं। इस कठिन समय में हमारी हार्दिक संवेदनाएं छात्र के परिवार, मित्रों, सहपाठियों, शिक्षकों और पूरे IIT दिल्ली समुदाय के साथ हैं।‘ उन्होंने शैक्षणिक, व्यक्तिगत या अन्य कठिनाइयों का सामना कर रहे छात्रों और युवा पेशेवरों से आग्रह किया कि वे अपने भरोसेमंद लोगों से संपर्क करें और सहायता लें।
प्रभात कुमार ने आगे कहा ‘प्रत्येक छात्र और युवा पेशेवर को यह जानना चाहिए कि किसी भी शैक्षणिक असफलता, व्यक्तिगत संघर्ष या कठिन दौर का सामना अकेले नहीं करना चाहिए। किसी भरोसेमंद व्यक्ति से बात करना और सहायता लेना बहुत मायने रखता है।‘ कुमार ने इस बात पर भी जोर दिया कि युवाओं को सहयोग और समर्थन मिले, इसके लिए संस्थानों और समुदायों को मिलकर काम करना आवश्यक है। उन्होंने कहा ‘इस दुखद घड़ी में, पैनआईआईटी एलुमनाई इंडिया आईआईटी दिल्ली समुदाय के साथ एकजुटता से खड़ा है और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता है।‘