Army Day Parade में रोबोटिक कुत्ते और NCC की महिलाएं होंगी शामिल, जानें खास बाते

Army Day Parade में रोबोटिक कुत्ते और NCC की महिलाएं होंगी शामिल, जानें खास बाते

Army Day Parade: इस साल की सेना दिवस परेड में कुछ नई चीजें देखने को मिलेंगी। पहली बार, राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की लड़कियों की टुकड़ी परेड का हिस्सा बनेगी। साथ ही, चार विषयगत झांकियां भी प्रदर्शित की जाएंगी, जिनमें से एक बल के मिशन ओलंपिक विंग पर आधारित होगी।

बता दें कि,इस बार बेंगलुरू स्थित सैन्य पुलिस कोर (CMP) और अन्य सैन्य इकाइयों से महिलाओं की अग्निवीर टुकड़ी और मार्चिंग ग्रुप भी परेड का हिस्सा बनेंगे। यह पहली बार होगा, जब रोबोटिक कुत्तों का समूह परेड में शामिल होगा। ये कुत्ते सेना के आधुनिकरण का प्रतीक हैं। वे दुर्गम इलाकों में जा सकते हैं और आतंकवादियों से भी निपट सकते हैं।

सेना दिवस परेड का आयोजन और प्रमुख कार्यक्रम

सेना दिवस परेड 15जनवरी को पुणे के बॉम्बे इंजीनियरिंग ग्रुप और सेंटर में होगी। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के शामिल होने की संभावना है। इस मौके पर "गौरव गाथा" कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें सेना के योगदान को प्रदर्शित किया जाएगा।

इस साल का थीम: 'समर्थ भारत, सक्षम सेना'

इस साल के 77वें सेना दिवस का थीम 'समर्थ भारत, सक्षम सेना' रखा गया है। परेड में कई आधुनिक सैन्य उपकरणों का प्रदर्शन किया जाएगा, जैसे K9वज्र स्व-चालित हॉवित्जर, T-90टैंक, मल्टी-बैरल रॉकेट सिस्टम और ड्रोन जैमर सिस्टम।

चार झांकियां होंगी प्रदर्शित

इस साल की परेड में चार विशेष झांकियां प्रदर्शित की जाएंगी। ये झांकियां भारतीय सेना के पराक्रम, हरित पहल, दिग्गजों की अहमियत और ओलंपिक भावना में सेना की भूमिका को दिखाएंगी।

सेना दिवस परेड से पहले, दक्षिणी कमान क्षेत्र में डॉग स्क्वायड द्वारा हथियारों और उपकरणों की प्रदर्शनी और रक्षा कंपनियों के स्टॉल लगाए जाएंगे। ये कार्यक्रम परेड को और आकर्षक बनाएंगे।

Leave a comment