एक्शन मोड में दिल्ली सरकार, यमुना की सफाई को लेकर तैयार किया मास्टर प्लान

एक्शन मोड में दिल्ली सरकार, यमुना की सफाई को लेकर तैयार किया मास्टर प्लान

Yamuna Master Plan: दिल्ली में यमुना नदी को साफ करने को लेकर केंद्र सरकार एक्शन मोड में आ चुकी है। जिसके लिए सरकार ने अब एक मास्टर प्लान भी बनाया है। इस प्लान को जल्द ही पीएम मोदी के सामने पेश किया जाएगा। खास बात ये है कि सरकार के 'यमुना मास्टर प्लान' में उन लोगों की सलाह को शामिल किया गया है, जिन्होंने गुजरात की साबरमती नदी को साफ करने का काम किया था।

बता दें, यमुना नदी की सफाई परियोजना में कुछ प्रमुख तत्व हैं। इसमें सबसे पहले कचरे और कीचड़ को साफ किया जाएगा। फिर नालों की सफाई की जाएगी। इसके बाद सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट की निगरानी करना और इसका विस्तार करना शामिल हैं।

दिल्ली में यमुना कैसे साफ होगी?

सरकार ने अपने 'यमुना मास्टर प्लान' में जल शक्ति मंत्रालय के उन लोगों की सलाह को शामिल किया गया है, जिन्होंने गुजरात की साबरमती नदी को साफ करने में अपनी अहम भूमिका निभाई थी। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि ये लोग कुछ ऐसी योजनाएं बनाएंगे, जिससे यमुना की सफाई के काम को और तेजी से किया जा सके। सूत्रों की मानें तो यमुना की सफाई और रिवरफ्रंट बनाने का मास्टर प्लान अपने अंतिम चरण में है। जल्द ही इसे पीएम मोदी से मंजूरी मिलने की संभावना है।

TERI ने भी दिए यमुना सफाई के लिए सुझाव

यमुना नदी की सफाई के लिए TERI ने भी अपने सुझाव दिए थे। TERI का कहना है कि कई सालों से उन राज्यों के बीच एक वॉटर शेयरिंग एग्रीमेंट चल रहा है, जहां से यमुना गुजरती है। इस  एग्रीमेंट में बदलाव करने की जरूरत है। इसके अलावा TERI ने कहा कि दिल्ली में यमुना के पास में बड़े स्तर पर सैंड माइनिंग होती है, जिस पर रोक लगाना जरूरी है।

बता दें, दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान यमुना नदी की सफाई का मुद्दा अहम रहा। इसे लेकर लगातार केंद्र और दिल्ली की पूर्व आम आदमी पार्टी सरकार के बीच टकराव होते रहे। चुनाव में बीजेपी ने वादा किया था कि चुनाव जीतने के बाद पार्टी का सबसे पहले काम यमुना की सफाई कराना होगा। पीएम मोदी ने दिल्ली की जनता से वादा किया था कि साबरमती की तरह ही यमुना रिवर फ्रंट बनाया जाएगा। अब सरकार ने उसी वादे को पूरा करने के लिए मास्टर प्लान तैयार किया है।

Leave a comment