
MaharashtraNews: महाराष्ट्र में एक केंद्रीय मंत्री की बेटी और कुछ छात्राओं के साथ छेड़खानी का मामला सामने आया है। इस घटना को लेकर मुक्ताई नगर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इसे गंभीर मामला बताया और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने की बात कही।
बता दें कि,मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, "यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि इस घटना में एक राजनीतिक दल से जुड़े लोग शामिल हैं। पुलिस ने कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया है और बाकी की भी जल्द गिरफ्तारी होगी। ऐसी घटनाएं बेहद निंदनीय हैं और इसमें शामिल लोगों को माफ नहीं किया जाएगा। उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।"
क्या है पूरा मामला?
इस मामले में केंद्रीय मंत्री की बेटी समेत कुछ छात्राओं से छेड़खानी की कोशिश की गई। घटना के बाद केंद्रीय मंत्री के सुरक्षाकर्मी ने मुक्ताई नगर पुलिस स्टेशन में चार युवकों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। मंत्री ने पुलिस से आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
मंत्री का कहना है कि जब यह घटना हुई, तब उनकी बेटी के साथ मौजूद सुरक्षाकर्मी को भी युवकों ने धमकाया और उसका कॉलर पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि आरोपियों में कुछ अपराधी प्रवृत्ति के युवक भी शामिल हैं। मंत्री खुद नगर पुलिस स्टेशन पहुंचीं और अधिकारियों से इस पर तत्काल कार्रवाई की मांग की। उन्होंने मीडिया से बातचीत में बताया कि इस मामले को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री से भी चर्चा की है।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
डिप्टी एसपी कुषणात पींगड़े ने बताया कि 28फरवरी 2025को कोथली गांव में यात्रा के दौरान कुछ युवकों ने 3-4लड़कियों का पीछा किया और अभद्र टिप्पणियां कीं। इस घटना के बाद छेड़खानी, पॉक्सो एक्ट और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि सात अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है।
पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Leave a comment