
Mhow Violence: मध्यप्रदेश के महू में चैंपियंस ट्रॉफी में टीम इंडिया की जीत का जश्न रविवार रात हिंसा में बदल गया। शहर के कई इलाकों में तोड़फोड़, आगजनी और पथराव हुआ, जिससे प्रशासन सतर्क हो गया। उपद्रवियों ने दुकानों और वाहनों में आग लगा दी। हालात काबू में करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले छोड़े। स्थिति बिगड़ने पर सेना को भी बुलाया गया, जिसके बाद ढाई घंटे की मशक्कत से माहौल शांत कराया गया।
बता दें कि, सोमवार सुबह बाजार खुले, लेकिन हिंसा प्रभावित इलाकों में सन्नाटा पसरा रहा। पूरे शहर में पुलिस बल तैनात है और सेना भी सतर्क है। इस घटना में पांच से छह लोग घायल हुए हैं। कलेक्टर आशीष सिंह ने बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है और आरोपियों की पहचान की जा रही है।
13गिरफ्तार, कड़ी कार्रवाई की तैयारी
विधायक उषा ठाकुर ने बताया कि अब तक 13लोगों को गिरफ्तार किया गया है और बाकी आरोपियों की तलाश जारी है। उन्होंने इसे सुनियोजित साजिश बताते हुए कहा कि प्रशासन दोषियों को बख्शेगा नहीं।
ऐसे भड़की हिंसा
नारेबाजी से बढ़ा विवाद – रविवार रात 10बजे के आसपास भारत की जीत के बाद 100से ज्यादा लोग बाइक रैली निकाल रहे थे। जब जुलूस जामा मस्जिद के पास पहुंचा, तो आतिशबाजी और नारेबाजी को लेकर विवाद हो गया। इसी दौरान झड़प शुरू हुई।
पत्थरबाजी और आगजनी –विवाद बढ़ते ही दोनों पक्षों में पथराव शुरू हो गया और हिंसा पूरे शहर में फैल गई। उपद्रवियों ने दुकानों और घरों को आग के हवाले कर दिया।
प्रशासन ने संभाला मोर्चा –हालात बिगड़ने पर चार थानों की पुलिस बुलाई गई और 300से ज्यादा पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया। कलेक्टर आशीष सिंह और डीआईजी निमिष अग्रवाल रातभर हालात पर नजर बनाए रहे।
सेना की तैनाती से शांति –हिंसा रोकने के लिए सेना की क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) को बुलाया गया। आठ जवानों की इस टुकड़ी ने हिंसा प्रभावित इलाकों में गश्त कर माहौल शांत किया।
सीसीटीवी से उपद्रवियों की पहचान –पुलिस हिंसा में शामिल लोगों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। अब तक 13गिरफ्तारियां हो चुकी हैं और जल्द ही और कार्रवाई होगी।
अब भी दहशत का माहौल
हिंसा का असर अब भी दिख रहा है। 12से ज्यादा बाइकों और दो कारों को जलाया गया, जबकि कुछ दुकानों को भी नुकसान हुआ। प्रशासन ने लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले छोड़कर हालात संभाले। रात 1 बजे स्थिति सामान्य हुई, लेकिन सोमवार सुबह भी कई इलाकों में डर का माहौल बना रहा। प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ हालात पर नजर बनाए हुए है।
Leave a comment