
Turkey Robbery: तुर्की और सीरिया में हफ्तेभर पहले आए भूकंप में मरने वाली की संख्या 28 हज़ार से ज्यादा हो चुकी है। आपदा से मलबा बन चुकी इमारतों के ढ़ेर से शव मिलने का सिलसिला आज भी जारी है। इस बीच भूकंप का दर्द झेल रहे तुर्की में लूटपाट की घटनाएं बढ़ी हैं। पुलिस ने भूकंप के बाद लूटपाट मचाने वाले 48 लोगों को गिरफ्तार किया है।
48 लोगों की गिरफ्तारी
देश की सरकारी मीडिया के मुताबिक, अधिकारियों ने भूकंप पीड़ितों के साथ लूटपाट करने के आरोप में 48 लोगों को गिरफ्तार किया है। मीडिया ने बताया कि भूकंप के बाद देश के कई इलाकों में लूटपाट की आपराधिक घटनाएं बढ़ी है। अधिकारियों ने आठ अलग-अलग प्रांतों से 48 लोगों को गिरफ्तार किया है।
लूट की घटनाओं पर राष्ट्रपति अर्दोआन का बयान
लूट की घटनाएं बढ़ने के बाद तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप अर्दोआन ने वादा किया था कि वे इन वारदातों पर लगाम लगा देंगे। उन्होंने कहा था कि लूट और अपहरण जैसी वारदात में शामिल लोगों को पता होना चाहिए कि देश में इन वारदातों को अंजाम देने वाले बचेंगे नहीं। बता दें कि देश के 10 प्रांतों में तीन महीने का आपातकाल घोषित किया गया है।
5बार भूकंप के झटकों से दहला तुर्की
तुर्की में भूकंप का पहला और सबसे ज़ोरदार झटका 6फरवरी की सुबह 4.17बजे आया। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 7.8थी। भूकंप का केंद्र दक्षिणी तुर्की का गाजियांटेप था। इस झटके के कुछ देर बाद ही भूकंप का एक और झटका आया, रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 6.4थी। इसके बाद 6.5तीव्रता का तीसरा झटका लगा।
भूकंप के इन झटकों ने मालाटया, सनलीउर्फा, ओस्मानिए और दियारबाकिर सहित 11 प्रांतों में तबाही मचा दी। उसी दिन शाम 4 बजे भूकंप का चौथा झटका आया। बताया जा रहा है कि इस झटके ने ही सबसे ज्यादा तबाही मचाई। इसके ठीक डेढ़ घंटे बाद शाम 5.30 बजे भूकंप का 5वां झटका लगा।
Leave a comment