Kedarnath Dham Opening: देवभूमि उत्तराखंड में स्थित विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम के कपाट आज सुबह पूरे विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। सुबह करीब 8 बजे मंदिर के कपाट खुलते ही “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयकारों से पूरी घाटी गूंज उठी। इस खास मौके पर मंदिर को करीब 51 क्विंटल फूलों से भव्य रूप से सजाया गया, जिससे धाम की सुंदरता और भी बढ़ गई।
पुष्कर सिंह धामी पत्नी के साथ पहुंचे धाम
कपाट खुलने के अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपनी पत्नी के साथ धाम पहुंचे। उन्होंने बाबा केदार के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और नरेंद्र मोदी के नाम से विशेष पूजा भी करवाई। सीएम धामी ने कहा कि इस बार यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए सभी जरूरी व्यवस्था की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
पीएम मोदी ने दिया संदेश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कपाट खुलने पर खुशी जताते हुए संदेश दिया। उन्होंने कहा कि केदारनाथ धाम और चारधाम यात्रा हमारी आस्था, एकता और समृद्ध परंपराओं का प्रतीक है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं की यात्रा मंगलमय होने की कामना की और बाबा केदार से सभी पर कृपा बनाए रखने की प्रार्थना की।
श्रद्धालुओं उमड़ी भीड़
कपाट खुलने के साथ ही धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। कड़क ठंड के बावजूद हजारों भक्त बाबा केदार के दर्शन के लिए पहुंचे हैं। पूरा माहौल भक्तिमय बना हुआ है और हर तरफ शिव भक्ति की गूंज सुनाई दे रही है। इससे पहले बाबा केदार की डोली मंगलवार को कई पड़ाव पार करते हुए मंदिर प्रांगण में पहुंची थी। डोली के स्वागत के लिए भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। अब 22 अप्रैल से शुरू हुई यह यात्रा अगले छह महीनों तक जारी रहेगी, जिसमें देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु केदारनाथ धाम पहुंचकर बाबा केदार के दर्शन करेंगे।
Also read: Uttrakhand News: 'उत्तराखंड बनेगा विश्व की आध्यात्मिक राजधानी...',सीएम धामी ने हरिद्वार में भरी हुंकार