Kangana Ranaut Update: शिवसेना संग विवाद के बीच मुंबई के लिए रवाना हुईं कंगना रनौत, बोलीं- ना डरूंगी, ना झुकूंगी

नई दिल्ली. बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत आज 9 सितंबर को मुंबई पहुंचने वाली हैं. कंगना मुंबई जाने के लिए मनाली स्थित अपने घर से निकल चुकी हैं. इससे पहले कंगना हिमाचल प्रदेश में हमीरपुर जिले के कोठी स्थित एक मंदिर के दर्शन करने पहुंचीं. कंगना के साथ उनकी बहन रंगोली चंदेल और बॉर्डीगार्ड भी मौजूद हैं. शिवसेना संग विवाद के बीच कंगना मुंबई के लिए रवाना हो चुकी हैं.
रिपोर्ट्स के अनुसार कंगना चंडीगढ़ से मुंबई के लिए फ्लाइट लेंगी. चंडीगढ़ से उनकी फ्लाइट दोपहर 12 बजे की है, जो कि दोपहर 2 बजे मुंबई पहुंचेगी. मुंबई जाने से पहले कंगना का दो बार कोऱोना टेस्ट भी कराया गया है. दूसरी बार भी टेस्ट निगेटिव आने के बाद अब मुंबई के लिए उनका रास्ता और भी साफ हो गया है.
इससे पहले कंगना ने बुधवार को सुबह करीब 7 बजे ट्वीट कर अपने मुंबई जाने की जानकारी दी है. कंगना ने अपने ट्वीट में लिखा है- रानी लक्ष्मीबाई के साहस, शौर्य और बलिदान को मैंने फ़िल्म के जरिए जिया है. दुख की बात यह है मुझे मेरे ही महाराष्ट्र में आने से रोका जा रहा है मैं रानी लक्ष्मीबाई के पद चिन्हों पर चलूँगी ना डरूंगी, ना झुकूँगी. गलत के खिलाफ़ मुख़र होकर आवाज़ उठाती रहूंगी, जय महाराष्ट्र, जय शिवाजी ....
बता दें कि कंगना रनौत और शिवसेना के बीच पिछले काफी दिनों से जुबानी जंग चल रही है. मुंबई को पीओके से तुलना करने के बाद से कंगना को लगातार ट्रोल किया जा रहा था, उन्होंने अपने बयान में कहा था कि मुंबई में उन्हें सुरक्षित महसूस नहीं होता है. इस पर शिवसेना ने उन्हें मुंबई ना आने की सलाह दी थी और कंगना ने शिवसेना को चैलेंज करते हुए कहा था कि वो 9 सितंबर को मुंबई आ रही है, जिसमें दम है वो रोक ले.
Leave a comment