बॉम्बे हाईकोर्ट ने कंगना रनौत के मुंबई ऑफिस में तोड़फोड़ पर लगाई रोक, पूछा- आखिर BMC को इतनी जल्दी क्या थी ?

नई दिल्ली. बॉम्बे हाईकोर्ट ने कंगना रनौत के मुंबई स्थित 'मणिकर्णिका फिल्म्ज' ऑफिस को बीएमसी द्वारा गिराए जाने वाली कार्रवाई पर रोक लगा दी है. इसके साथ ही कोर्ट ने कंगना रनौत के ऑफिस में अवैध निर्माण को गिराने में इतनी जल्दबाजी करने के लिए बीएमसी से जवाब मांगा है.
दरअसल, बीएमसी ने आज कंगना के मुंबई ऑफिस को अवैध करार करते हुए उस पर बुल्डोजर चला दिया है. जिसके विरोध में कंगना ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है. कोर्ट की ओर से कंगना को राहत भी मिली है. कोर्ट ने बीएमसी से इस कार्रवाई पर जवाब मांगा है. दरअसल, हाईकोर्ट ने एक आदेश में कहा था कि 30 सितंबर तक कोई भी बिल्डिंग ध्वस्त नहीं की जाएगी.
कोर्ट ने सुनवाई के दौरान बीएमसी से जवाब मांगते हुए कहा कि जब 30 सितंबर तक कोई भी बिल्डिंग ध्वस्त न करने का आदेश था, तो आखिर ऐसे में बीएमसी द्वारा नोटिस देने के 24 घंटे के भीतर ही कंगना के ऑफिस में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू करने की ऐसी भी क्या जल्दी थी. कोर्ट ने पूछा कि क्या बीएमसी हाईकोर्ट के आदेश का भी सम्मान करना उचित नहीं समझती.
वहीं दूसरी ओर कंगना रनौत भी मुंबई एयरपोर्ट पहुंच चुकी हैं. मुंबई एयरपोर्ट पर कंगना के समर्थकों और विरोधियों का जमावड़ा लग चुका है. यहां कंगना को Y प्लस सिक्योरिटी कवर में नजर आईं.
Leave a comment