Kal Ka Mausam 13 July 2026: देशभर में मानसून सक्रिय बना हुआ है और 13 जुलाई को भी कई राज्यों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर, मध्य, पूर्वोत्तर और पश्चिमी भारत के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है। वहीं पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन और अचानक बाढ़ का खतरा बना हुआ है।
दिल्ली-एनसीआर में दिनभर बादल छाए रहने और रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। इससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलेगी। उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। उत्तराखंड में भारी बारिश को देखते हुए संवेदनशील इलाकों में सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
बिहार-झारखंड में बारिश का अलर्ट
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ क्षेत्र में कई स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है। वहीं बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भी मानसून सक्रिय रहने से अच्छी बारिश के आसार हैं। पूर्वोत्तर के असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड और मिजोरम में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका है।
Also read: Delhi News: दिल्ली में तीन साल बाद दिखा चमतकार, बारिश से AQI 'गुड' श्रेणी में पहुंचा
दक्षिण भारत में कैसा रहेगा मौसम
दक्षिण भारत की बात करें तो केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। महाराष्ट्र के कोंकण, मुंबई और घाट क्षेत्रों में भी तेज बारिश का दौर जारी रह सकता है, जबकि गुजरात के कुछ इलाकों में भी बारिश की संभावना बनी हुई है।