Festive Season Jobs: त्योहारी सीजन शुरू होते ही देश के ई-कॉमर्स और लॉजिस्टिक्स सेक्टर में नौकरियों के नए मौके तेजी से बढ़ रहे हैं। ऑनलाइन शॉपिंग और फेस्टिव सेल्स बढ़ने के कारण कंपनियां डिलीवरी, वेयरहाउस और कस्टमर सपोर्ट जैसे कामों के लिए बड़ी संख्या में लोगों की भर्ती कर रही हैं। स्टाफिंग फर्मों और इंडस्ट्री के आंकड़ों के मुताबिक, अब तक देशभर में करीब 4 लाख गिग नौकरियां पैदा हो चुकी हैं। साल के अंत तक यह आंकड़ा 7 लाख के पार पहुंचने का अनुमान है। स्टाफिंग प्लेटफॉर्म टीमलीज सर्विसेज के मुताबिक, पिछले साल के मुकाबले इस फेस्टिव सीजन में कर्मचारियों की मांग में करीब 40 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। ऐसे में छात्रों और पार्ट-टाइम काम की तलाश कर रहे लोगों के लिए भी रोजगार के मौके बढ़े हैं।
Amazon और Flipkart में बड़ी भर्ती
ई-कॉमर्स कंपनियां फेस्टिव सीजन की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए बड़े स्तर पर भर्ती कर रही हैं। अमेजन इंडिया के मुताबिक, उसके ऑपरेशन्स नेटवर्क में 1 लाख से ज्यादा सीजनल नौकरियों के अवसर बनाए गए हैं। इनमें मुंबई, दिल्ली, बेंगलुरु, हैदराबाद, कोलकाता, चेन्नई, लखनऊ और पुणे जैसे शहर शामिल हैं। वहीं, वॉलमार्ट के स्वामित्व वाली फ्लिपकार्ट ने भी अपनी सप्लाई चेन, वेयरहाउस, सॉर्टिंग सेंटर और डिलीवरी हब में 1 लाख से ज्यादा रोजगार के अवसर बनाए हैं। इसके अलावा मीशो, स्नैपडील और क्विक-कॉमर्स कंपनियां जैसे ब्लिंकिट, जेप्टो और स्विगी इंस्टामार्ट भी बढ़ते ऑर्डर को देखते हुए गिग वर्कर्स की भर्ती कर रही हैं।
इन कामों के लिए मिल रही नौकरियां
फेस्टिव सीजन में सिर्फ डिलीवरी ही नहीं, बल्कि वेयरहाउस में पैकिंग, स्कैनिंग, लेबलिंग और सामान की सॉर्टिंग के लिए भी कर्मचारियों की जरूरत है। डिलीवरी पार्टनर्स को बाइक, स्कूटी या थ्री-व्हीलर से ग्राहकों तक सामान पहुंचाना होता है। इसके अलावा कस्टमर सपोर्ट में कॉल और चैट के जरिए ग्राहकों की मदद करने के अवसर भी हैं। कुछ जगहों पर वर्क फ्रॉम होम की सुविधा भी मिल सकती है। मॉल, रिटेल आउटलेट और डिलीवरी हब में इवेंट और रिटेल सपोर्ट स्टाफ की भी जरूरत बढ़ रही है।
25 से 50 हजार रुपये तक कमाई का दावा
फेस्टिव सीजन में गिग वर्कर्स की कमाई सामान्य दिनों की तुलना में बढ़ सकती है। उपलब्ध उद्योग अनुमानों के मुताबिक, बेसिक पे, प्रति डिलीवरी इंसेंटिव और नाइट या ओवरटाइम अलाउंस मिलाकर कुछ डिलीवरी पार्टनर्स 25 हजार से 50 हजार रुपये महीने तक कमा सकते हैं। हालांकि वास्तविक कमाई काम के घंटे, शहर, डिलीवरी की संख्या और कंपनी के इंसेंटिव पर निर्भर करती है।
फर्जी एजेंटों से रहें सावधान
नौकरी के लिए आवेदन करते समय सावधानी जरूरी है। किसी भी अनजान एजेंट को रजिस्ट्रेशन या जॉइनिंग के नाम पर पैसे न दें। आवेदन हमेशा संबंधित कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट या अधिकृत भर्ती पोर्टल के जरिए ही करें।
Also read: सरकारी खातों से 645 करोड़ के कथित गबन मामले में ED का शिकंजा, चंडीगढ़-मोहाली-पंचकूला के 14 ठिकानों पर रेड