Captain Smit Will Be Honoured:भारतीय मूल के फ्लाइट कैप्टन स्मित मछार को उनकी बहादुरी और सूझबूझ के लिए इजराइल के प्रतिष्ठित ‘प्रेसिडेंशियल अवॉर्ड फॉर सिविलियन हीरोइज्म’ से सम्मानित किया जाएगा। बताया जा रहा है कि उन्होंने फ्लाईदुबई की एक उड़ान में सवार 174 यात्रियों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई। इजराइल के राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने घोषणा की है कि कैप्टन मछार के पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद उन्हें यह सम्मान प्रदान किया जाएगा।
रिपोर्ट के मुताबिक, उड़ान के दौरान कैप्टन मछार के सह-पायलट हम्माम अल-हम्मामी ने कथित तौर पर विमान को हाईजैक करने की कोशिश की। इस दौरान उसने कैप्टन मछार पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। फिलहाल, कैप्टन मछार का संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना से जुड़े आरोपों और साजिश की जांच की जा रही है।
घायल होने के बावजूद कैप्टन ने दिखाई बहादुरी
इजराइली राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने कैप्टन मछार के साहस की सराहना करते हुए उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि कैप्टन के असाधारण साहस और सही समय पर लिए गए फैसलों से एक बड़ी त्रासदी को टालने में मदद मिली। हर्जोग ने कहा कि मछार के ठीक होने के बाद उन्हें इजराइल की जनता की ओर से नागरिक वीरता का यह सम्मान देना उनके लिए गर्व की बात होगी।
बताया गया है कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन मछार ने विमान के कॉकपिट का दरवाजा खोलने में मदद की, जिसके बाद यात्रियों ने कथित हमलावर को काबू में कर लिया। इस बीच, विमान में मौजूद ड्यूटी से बाहर के अन्य पायलटों ने नियंत्रण संभाला और विमान को सऊदी अरब में सुरक्षित उतार लिया।
तेल अवीव ले जाने की थी कथित साजिश
रिपोर्टों के अनुसार, इजराइली खुफिया एजेंसियों से जुड़ी जानकारी में दावा किया गया है कि सह-पायलट विमान पर कब्जा कर उसे तेल अवीव ले जाना चाहता था। आरोप है कि उसने विमान को किसी इमारत से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त करने की योजना बनाई थी। इसके बाद विमान को रेगिस्तान में क्रैश कराने की कोशिश किए जाने का भी दावा किया गया है। हालांकि, इस पूरे मामले की जांच जारी है|
कैप्टन स्मित मछार को अमेरिका में भी सम्मानित करने की पहल की गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, न्यू जर्सी के सांसद जोश गॉटहाइमर ने 5 अक्टूबर को अमेरिकी संसद में उन्हें सम्मानित करने के लिए प्रस्ताव पेश किया। इजराइल में नागरिक वीरता के अलावा ‘इजराइली प्रेसिडेंशियल मेडल ऑफ ऑनर’और स्वयंसेवा के लिए राष्ट्रपति पुरस्कार जैसे सम्मान भी दिए जाते हैं। पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा को भी इजराइली प्रेसिडेंशियल मेडल ऑफ ऑनर से सम्मानित किया जा चुका है।
Also read: एक और त्रासदी से घिरा नेपाल, लगातार बारिश के बीच हिमलुंग बेस कैंप में हिमस्खलन; कई लोग लापता