Delhi Metro Advisory: दिल्ली में शनिवार, 10 अक्टूबर को प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को देखते हुए मेट्रो यात्रियों की परेशानी बढ़ सकती है। दिल्ली पुलिस ने दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) को 57 मेट्रो स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट गेट बंद करने पर विचार करने को कहा है। पुलिस ने शुक्रवार, 9 अक्टूबर की रात से इन पाबंदियों को लागू करने का प्रस्ताव दिया है। इसके अलावा, जरूरत पड़ने पर कुछ स्टेशनों पर मेट्रो ट्रेनों की आवाजाही की फ्रीक्वेंसी भी कम की जा सकती है। पुलिस को आशंका है कि प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में लोग संवेदनशील इलाकों की ओर बढ़ सकते हैं। ऐसे में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए ये कदम उठाए जा सकते हैं।
9 अक्टूबर रात 9 बजे से लागू हो सकती हैं पाबंदियां
दिल्ली पुलिस के ज्वाइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस, ट्रांसपोर्ट रेंज ने 8 अक्टूबर को DMRC को पत्र लिखा था। यह पत्र मेट्रो के मैनेजिंग डायरेक्टर विकास कुमार को भेजा गया। इसमें संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को जरूरी निर्देश देने की अपील की गई है। प्रस्ताव के मुताबिक, मेट्रो स्टेशनों पर पाबंदियां 9 अक्टूबर रात 9 बजे से शुरू हो सकती हैं। ये 10 अक्टूबर तक जारी रह सकती हैं। पुलिस ने कहा है कि राजधानी में स्थिति सामान्य होने तक इन उपायों की जरूरत पड़ सकती है।
इन 57 मेट्रो स्टेशनों पर पड़ सकता है असर
जिन स्टेशनों को लेकर पुलिस ने पाबंदियों का प्रस्ताव दिया है, उनमें सेंट्रल दिल्ली से लेकर उत्तर, दक्षिण, पूर्व और उत्तर-पूर्वी दिल्ली के स्टेशन शामिल हैं। प्रमुख स्टेशनों की सूची में राजीव चौक, नई दिल्ली, केंद्रीय सचिवालय, पटेल चौक, जनपथ, मंडी हाउस, आईटीओ, दिल्ली गेट, खान मार्केट, सुप्रीम कोर्ट और इंद्रप्रस्थ शामिल हैं। इसके अलावा, आईएनए, हौज खास, लाजपत नगर, कश्मीरी गेट, करोल बाग, जामा मस्जिद, विश्वविद्यालय, सीलमपुर, शाहदरा और रोहिणी वेस्ट जैसे स्टेशनों पर भी असर पड़ सकता है। अन्य स्टेशनों में लोक कल्याण मार्ग, जोर बाग, जंगपुरा, आश्रम, जामिया मिल्लिया इस्लामिया, ओखला विहार, सिविल लाइंस, जीटीबी नगर, आदर्श नगर, जहांगीरपुरी, वेलकम, यमुना विहार और रिठाला शामिल हैं। आईएनए स्टेशन की दोनों मेट्रो लाइनों को भी सूची में रखा गया है।
10 अक्टूबर को ‘चलो दिल्ली’ मार्च का ऐलान
दरअसल, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने 10 अक्टूबर को ‘चलो दिल्ली’ मार्च का ऐलान किया है। यह प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हो रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच आयोजित किया जा रहा है। चुनाव आयोग की विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया को लेकर भी विवाद जारी है। फिलहाल ये पाबंदियां दिल्ली पुलिस की ओर से प्रस्तावित की गई हैं। मेट्रो स्टेशनों के गेट बंद होने या ट्रेन सेवाओं में बदलाव की अंतिम स्थिति के लिए DMRC की आधिकारिक सूचना जरूर जांचें।
Also read: CJP Protest Alert: CJP के प्रदर्शन से पहले दिल्ली आने वाली कई ट्रेनें रद्द, 5000 यात्रियों की ट्रेन छूटी