Sports News: भारतीय क्रिकेट में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से पहचान बना रहे युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी की तारीफों के चर्चे लगातार बढ़ रहे हैं। अब भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन भी उनकी प्रतिभा के मुरीद हो गए हैं। ईशान ने वैभव को एक खास टैलेंट बताते हुए कहा कि भारतीय क्रिकेट को लंबे समय बाद ऐसा निडर बल्लेबाज मिला है, जो अपनी शानदार बल्लेबाजी से न सिर्फ बड़े रिकॉर्ड बना रहा है, बल्कि दर्शकों का भरपूर मनोरंजन भी कर रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि वैभव इसी अंदाज में खेलते हुए अपने करियर में नई ऊंचाइयां हासिल करेंगे।
ईशान किशन देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचे थे। इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी और उनके आत्मविश्वास की जमकर सराहना की। ईशान ने कहा कि काफी समय बाद किसी युवा खिलाड़ी में इतनी कम उम्र में इतनी शानदार क्षमता और निडर होकर शॉट खेलने का आत्मविश्वास देखने को मिला है।
उन्होंने कहा, "सभी जानते हैं कि उनमें एक खास टैलेंट है। काफी समय बाद हमने किसी युवा क्रिकेटर को इतनी जबरदस्त काबिलियत और निडरता के साथ अपने शॉट खेलते देखा है। यह भारतीय क्रिकेट के लिए बहुत अच्छी बात है कि हमें उनके जैसा खिलाड़ी मिला है, जो शानदार प्रदर्शन के साथ दर्शकों का मनोरंजन भी करता है। हमें भी उनकी बल्लेबाजी देखने में बहुत मजा आता है। उम्मीद है कि वह इसी तरह खेलते रहेंगे और अपने करियर में नई ऊंचाइयां हासिल करेंगे।"
52 गेंदों में दोहरा शतक जड़कर वैभव ने बनाया रिकॉर्ड
वैभव सूर्यवंशी ने UAE A के खिलाफ एक अहम मुकाबले में अपनी तूफानी बल्लेबाजी से क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया। महज 15 साल की उम्र में उन्होंने 52 गेंदों पर दोहरा शतक जड़कर लिस्ट-A क्रिकेट में सबसे तेज दोहरा शतक लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया। उनकी इस पारी की बदौलत इंडिया A ने सेमीफाइनल में जगह बनाई।
वैभव ने अपनी पारी में 28 छक्के और 7 चौके लगाए। उन्होंने अकेले 204 रन बनाकर मुकाबले को लगभग एकतरफा कर दिया। इससे पहले वह सिर्फ 28 गेंदों में शतक लगाकर भी सुर्खियां बटोर चुके हैं। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के जेक फ्रेजर-मैकगर्क का लिस्ट-A क्रिकेट में सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया।
14.2 ओवर में हासिल किया 250 रन का लक्ष्य
वैभव की विस्फोटक बल्लेबाजी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इंडिया A ने 250 रनों का लक्ष्य महज 14.2 ओवर में हासिल कर लिया। टीम ने 254 रन बनाकर 7 विकेट से जीत दर्ज की। इस मुकाबले में वैभव ने कुल 204 रन बनाए और अपनी टीम को नॉकआउट मुकाबले में शानदार जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
लिस्ट-A क्रिकेट में भी शानदार हैं वैभव के आंकड़े
वैभव सूर्यवंशी के आंकड़े बताते हैं कि वह कम उम्र में ही क्रिकेट के हर स्तर पर अपनी छाप छोड़ रहे हैं। उन्होंने 17 लिस्ट-A मुकाबलों में 49.70 की औसत और 190 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से 845 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से दो शतक और दो अर्धशतक निकले हैं।
वहीं, यूथ ODI में भारत की ओर से खेलते हुए उन्होंने 25 पारियों में 56.48 की औसत से 1,412 रन बनाए हैं। इस फॉर्मेट में उनके नाम चार शतक और सात अर्धशतक दर्ज हैं। इंग्लैंड के खिलाफ अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में खेली गई 175 रनों की पारी भी उनके करियर की यादगार उपलब्धियों में शामिल है।