
New Delhi Railway Station Stampede: नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात अचानक भगदड़ मच गई, जिसमें 18लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। घायलों को तुरंत एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे की खबर मिलते ही प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची।कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इस घटना पर गहरा दुख जताया।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, "इस दुखद हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। यह हादसा रेलवे की नाकामी और सरकार की असंवेदनशीलता को उजागर करता है। इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने के बावजूद स्टेशन पर समुचित प्रबंध नहीं किए गए। प्रशासन को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि बदइंतजामी के कारण किसी की जान न जाए।"
मल्लिकार्जुन खड़गे ने की सरकार की आलोचना
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी हादसे पर गहरा दुख जताया और मोदी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, "नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ से हुई मौतें बेहद दुखद हैं। स्टेशन से आ रहे वीडियो हृदयविदारक हैं। हमारी मांग है कि मृतकों और घायलों की सही संख्या जल्द घोषित की जाए और लापता लोगों की पहचान सुनिश्चित की जाए। सरकार को पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा और घायलों को तत्काल स्वास्थ्य सुविधा देनी चाहिए।"
प्रियंका गांधी ने जताया शोक
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी इस घटना पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा, "नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भीड़ के कारण हुई भगदड़ में महिलाओं और बच्चों समेत कई लोगों की मौत की खबर बेहद दुखद है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति दें और उनके परिवारों को यह कठिन समय सहने की शक्ति प्रदान करें। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।"
उपराज्यपाल और नेताओं ने अस्पताल में जाना हाल
हादसे की जानकारी मिलने के बाद दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना और पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी समेत कई नेताओं ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना।
प्रशासन से उठ रहे सवाल
यह हादसा रेलवे और प्रशासन की तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े करता है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने के बावजूद भीड़ नियंत्रण के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए। सरकार और रेलवे से यह मांग उठ रही है कि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों, इसके लिए पुख्ता कदम उठाए जाएं।
Leave a comment