
Atomic Energy Commission: केंद्र सरकार ने परमाणु ऊर्जा आयोग (AEC) के पुनर्गठन का ऐलान किया है। इसमें कई अहम बदलाव किए गए हैं। टीवी सोमनाथन और मनोज गोविल को आयोग में शामिल किया गया है। ये दोनों अधिकारी पहले मंत्रिमंडल सचिव और व्यय सचिव के रूप में सेवा दे चुके हैं।
बता दें कि, 9जनवरी को राजपत्र में एक अधिसूचना प्रकाशित की गई। इसके अनुसार, पंकज कुमार मिश्रा को भी आयोग में जगह मिली है। मिश्रा ने पिछले साल सदस्य (वित्त) के तौर पर जिम्मेदारी संभाली थी। इस पुनर्गठन में परमाणु ऊर्जा विभाग के सचिव अजीत कुमार मोहंती को आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
अन्य महत्वपूर्ण अधिकारी
एईसी में प्रमुख पदों पर नियुक्त अन्य अधिकारियों में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव प्रमोद कुमार मिश्रा, विदेश सचिव विक्रम मिस्री, और सोमनाथन तथा गोविल शामिल हैं। ये सभी पदेन सदस्य के रूप में कार्य करेंगे।
आयोग में और भी नामचीन चेहरे
इसके अलावा, एईसी के पूर्व अध्यक्ष एम आर श्रीनिवासन, अनिल काकोदकर, विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग के पूर्व सचिव पी रामाराव, पूर्व प्रमुख सलाहकार (डीएई) रवि बी ग्रोवर और अंतरिक्ष आयोग के पूर्व अध्यक्ष के. कस्तूरीरंगन भी आयोग के सदस्य बने हैं। भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र के निदेशक विवेक भसीन भी अब आयोग के सदस्य होंगे। यह आयोग परमाणु ऊर्जा विभाग के लिए नीतियां तैयार करने का कार्य करता है।
भारत-अमेरिका के परमाणु सहयोग में नया मोड़
भारत और अमेरिका के बीच परमाणु सहयोग को लेकर एक महत्वपूर्ण खबर आई है। अमेरिका ने भारतीय परमाणु संस्थानों पर लगे पुराने प्रतिबंधों को हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह कदम भारत और अमेरिका के ऊर्जा संबंधों को और मजबूत करेगा।
अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जैक सुलिवन ने दिल्ली यात्रा के दौरान इस घोषणा की। उन्होंने कहा कि अमेरिका उन नियमों को समाप्त कर रहा है, जो भारत और अमेरिकी कंपनियों के बीच नागरिक परमाणु सहयोग में रुकावट डालते थे। इससे दोनों देशों के बीच परमाणु ऊर्जा क्षेत्र में नए अवसर खुलेंगे। इसकी औपचारिकताएं जल्द ही पूरी की जाएंगी।
Leave a comment