मुख्यमंत्री बनने के बाद हेमंत सोरेन को ममता बनर्जी से मिली बड़ी चुनौती, आमने-सामने आईं दोनों सरकारें

मुख्यमंत्री बनने के बाद हेमंत सोरेन को ममता बनर्जी से मिली बड़ी चुनौती, आमने-सामने आईं दोनों सरकारें

Bengal Govt Ban Potato Import To Jharkhand: झारखंड में इंडिया गठबंधन के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 28नवंबर को शपथ ली थी। इसके कुछ दिन बाद ही पश्चिम बंगाल और झारखंड सरकार के बीच आलू की आपूर्ति को लेकर विवाद खड़ा हो गया। पश्चिम बंगाल सरकार ने आलू की खेप झारखंड भेजने पर रोक लगा दी, जिसके कारण झारखंड में आलू की कीमतों में वृद्धि हो गई है।

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस विवाद पर तुरंत संज्ञान लिया। उन्होंने मुख्य सचिव को मामले का समाधान निकालने का निर्देश दिया। सीएम सोरेन ने ट्वीट कर बताया कि पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव ने इस मसले को सुलझाने के लिए एक समिति गठित की है। बंगाल सरकार के अधिकारियों ने झारखंड के आलू व्यापारियों को राहत देने का आश्वासन दिया है।

आलू की कीमतों में बढ़ोतरी पर चिंता

बंगाल से आलू की खेप रोकने के कारण झारखंड में आलू की कीमतों में तेजी आई है। आलू की कीमत लगभग 500रुपये प्रति क्विंटल तक बढ़ गई है। इस पर झारखंड बीजेपी के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने चिंता जताई। उन्होंने कहा कि बढ़ती कीमतों से आम जनता परेशान हो रही है और मुख्यमंत्री से बंगाल सरकार से बातचीत करने की अपील की। वहीं, बंगाल के आलू व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि अगर निर्यात पर रोक नहीं हटाई गई, तो वे हड़ताल पर जा सकते हैं।

बंगाल ने शुरू की कड़ी निगरानी

पश्चिम बंगाल सरकार ने आलू के निर्यात पर रोक लगाने के बाद सीमावर्ती क्षेत्रों में कड़ी निगरानी शुरू कर दी है। पुलिस ने ओडिशा, असम और झारखंड की सीमाओं पर चौकियां स्थापित की हैं, जहां आलू से लदे ट्रकों को वापस लौटा दिया गया। इस पर विपक्षी नेता शुभेंदु अधिकारी ने इसे अवैध करार दिया और चेतावनी दी है कि अगर रोक हटाई नहीं जाती, तो केंद्रीय बलों की मदद ली जा सकती है।शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि देशों के बीच कोई सीमा नहीं है, एक ही देश है।

ओडिशा में आलू की सप्लाई में सुधार

इस बीच, उत्तर प्रदेश से 300ट्रक आलू ओडिशा पहुंच चुके हैं, जिससे आलू की कीमतों को नियंत्रित करने की उम्मीद जताई जा रही है। ओडिशा के खाद्य मंत्री केसी पात्रा ने बताया कि आलू की कीमतें अब 35रुपये प्रति किलो पर स्थिर हो गई हैं। हालांकि, उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर आलू की कालाबाजारी का मामला सामने आया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a comment