
Chitrakoot Road Accident: चित्रकूट जिले के रैपुरा थाना क्षेत्र में आज सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में ट्रक और बोलेरो के बीच जोरदार टक्कर हुई, जिसमें छह लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, वहीं मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा आज सुबह करीब साढ़े पांच बजे रैपुरा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ। तेज रफ्तार ट्रक ने बोलेरो को टक्कर मारी, जिससे बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही छह लोगों की मौत हो गई। साथ ही पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतकों और घायलों की पहचान
हादसे में मारे गए लोगों की पहचान नन्हे (65), हरिराम (45), मोहन (45), रामू (45), मांगना (65) और रामस्वरूप यादव के रूप में हुई है। घायलों में छतरपुर निवासी जमुना (42), उनकी पत्नी फुला (40), बेटा राज अहिरवार (18), आकाश (15) और एक अज्ञात व्यक्ति शामिल हैं।
घायलों को प्रयागराज किया गया रेफर
घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में प्रयागराज रेफर किया गया है। हादसे की सूचना मिलने पर जिलाधिकारी शिवशरणप्पा और पुलिस अधीक्षक अरुण सिंह मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और घायलों से अस्पताल में मुलाकात की। एसपी अरुण सिंह ने बताया कि हादसे में छह लोगों की मौत हुई है और पांच घायल हुए हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। ट्रक चालक की पहचान और हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। इस दर्दनाक घटना ने क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी है, और प्रशासन ने पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।
Leave a comment