Holi 2024: काशी में खेली जाती है चिता के राख की होली, अनोखी है ये परंपरा

Holi 2024: काशी में खेली जाती है चिता के राख की होली, अनोखी है ये परंपरा

Holi 2024: हिंदू धर्म में होली के त्योहार का बेहद ही खास महत्व है। इस पर्व को पूरे देश में अलग अलग तरीकों से मनाया जाता है। ब्रज की होली के अलावा काशी की मसान होली भी काफी ज्यादा प्रचलित है। काशी में फाल्गुन महीने के शुक्ल पक्ष की एकादशी के अगले दिन हर साल मसान होली मनाई जाती है।

इस बार मसान होली आज यानी 21 मार्च को मनाई जा रही है। इस होली में लोग अधिक संख्या में शामिल होते हैं। इस होली में लोग चिता की राख से होली खेलते हैं और देवों के देव महादेव की विशेष पूजा-अर्चना करते हैं। काशी की मसान होली को चिता भस्म होली भी कहते हैं। चिता की राख से होली खेलने की परंपरा कई सालों पुरानी है। ये होली देवों के देव महादेव को समर्पित होती है। मसान की होली को मृत्यु पर विजय का प्रतीक माना जाता है।

क्या है धार्मिक मान्यता?

धार्मिक मान्यता है कि भगवान भोलेनाथ ने यमराज को हराने के बाद चिता की राख से होली खेली थी। तभी से इस दिन को यादगार बनाने के लिए हर साल मसान होली खेली जाती है। ये उत्सव 2 दिन तक मनाया जाता है। पहले दिन लोग चिता की राख को एकत्रित करते हैं और इसके दूसरे दिन होली खेलते हैं।

काशी में दिखता अद्भुत नजारा

चिता की राख से होली खेलने का नजारा सिर्फ काशी में ही देखने को मिलता है। इस उत्सव में शिव भक्त नाचते-गाते और जश्न मनाते हैं। इस मौके पर काशी का मणिकर्णिका घाट हर-हर महादेव से गूंज उठता है। इस अवसर पर लोग चिता की राख और गुलाल लगाकर सुख, समृद्धि, वैभव के साथ शिव का आशीर्वाद पाते हैं।

Leave a comment