दिल्ली कांग्रेस को लगा बड़ा झटका, अरविंद सिंह लवली ने अध्यक्ष पद से दिया इस्तीफा

दिल्ली कांग्रेस को लगा बड़ा झटका, अरविंद सिंह लवली ने अध्यक्ष पद से दिया इस्तीफा

Lok Sabha Election 2024: देश में इस वक्त लोकसभा चुनाव चल रहे हैं। इसी बीच दिल्ली में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। दरअसल, अरविंद सिंह लवली ने अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है।अपने इस्तीफे में अरविंदर लवली ने लिखा है कि दिल्ली कांग्रेस इकाई उस पार्टी के साथ गठबंधन के खिलाफ थी जो कांग्रेस के खिलाफ झूठे, मनगढ़ंत और दुर्भावनापूर्ण भ्रष्टाचार के आरोप लगाने के एकमात्र आधार पर बनी थी। इसके बावजूद, पार्टी ने दिल्ली में AAP के साथ गठबंधन करने का निर्णय लिया।

इस वजह से दिया इस्तीफा

अपने इस्तीफे में अरविंदर सिंह लवली ने आगे लिखा, कई कारणों से वो खुद को अपंग महसूस करते हैं और दिल्ली पार्टी इकाई के अध्यक्ष के रूप में बने रहने में अपने आप को असमर्थ समझते हैं। उन्होंने पत्र में लिखा, '31 अगस्त 2023 को मुझे दिल्ली कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त किया गया, जिसके लिए मैं पार्टी का आभार व्यक्त करता हूं। मैंने पिछले 7-8 महीनों में दिल्ली में पार्टी को फिर से स्थापित करने का भरपूर प्रयास किया है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि पार्टी फिर से उसी स्थिति में पहुंच जाए, जैसी कभी थी।'

गिनाई अपनी उपलब्धि

अरविंदर सिंह लवली ने लिखा, 'अगस्त 2023 में जब मुझे कार्यभार सौंपा गया था तब पार्टी इकाई किस स्थिति में थी, यह सब जानते हैं। तभी से मैंने कई उपाय करके पार्टी को पुनर्जीवित करने और अपने स्थानीय कार्यकर्ताओं को फिर से सक्रिय करने के लिए कड़ी मेहनत की है। मैंने सैकड़ों स्थानीय पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं को फिर से पार्टी में शामिल किया, जो या तो पार्टी छोड़ चुके थे या निष्क्रिय हो गए थे। वहीं कई साल से पार्टी ने शहर में कोई बड़ा कार्यक्रम/रैली नहीं किया था।  मैंने ये भी सुनिश्चित किया कि रैली और कार्यक्रमों के जरिए शहर की सभी 7 संसदीय सीटें कवर हो जाएं क्योंकि आम चुनावों के लिए बहुत कम समय बचा था।'

Leave a comment