Himachal News: हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवाओं की मौत हो गई। हादसा भलेड पावर हाउस के पास हुआ, जहां मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे में दरिणी पंचायत के झुनेना गांव के रहने वाले अशोक कुमार, प्रिंस और पवन कुमार की जान चली गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
हादसे की सूचना मिलते ही उप मुख्य सचेतक एवं शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया सिविल अस्पताल शाहपुर पहुंचे। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले युवाओं के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और इस मुश्किल घड़ी में हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। विधायक ने तीनों शवों के पोस्टमार्टम को लेकर धर्मशाला में सीएमओ से फोन पर बातचीत की। साथ ही शवों को धर्मशाला ले जाने के लिए आवश्यक व्यवस्था भी सुनिश्चित करवाई।
वहीं, नगर पंचायत शाहपुर के उपाध्यक्ष राजीव पटियाल, पार्षद अभिषेक माथुर, पूर्व पार्षद शुभम ठाकुर समेत कई स्थानीय लोग भी सिविल अस्पताल शाहपुर पहुंचे और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।