
चंडीगढ़: डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम का राजस्थान में अपहरण होने की दायर याचिका को हाईकोर्ट ने खारिज कर दिया है। हाईकोर्ट ने याचिका को खारिज करते हुए कहा कि ऐसा लगता है कि याची कोई फिल्म देखकर आया है और उसे यह फिल्मी कहानी जैसा लग रहा है।
दरअसल राम रहीम को लेकर एक याचिका दाखिल की गई थी जिसमें कहा गया कि राम रहीम को हरियाणा पुलिस ने गिरफ्तार किया था। इसके बाद जब वह पैरोल पर बाहर आए तो उनमें काफी फर्क देखा गया। सभाओं के दौरान वह अपने करीबियों को भी नहीं पहचान रहे हैं। इसके साथ ही उनके शरीर में भी काफी अंतर देखा जा सकता है। उनका कद एक इंच बढ़ गया है जबकि उनकी आयु 50वर्ष है और इस आयु में किसी का कद नहीं बढ़ता। इसके साथ ही उनकी उंगलियां भी लंबी हो गई हैं। वहीं इस मामले में हाईकोर्ट से जांच का मांग की थी। जिसको हाईकोर्ट ने खारिज कर दिया है।
वहीं कोर्ट ने याचिकाकर्ता को जमकर फटकार लगाते हुए कहा कि याची कोई फिल्म देखकर आया है। कोर्ट ने याची के वकील को भी फटकार लगाई। कोर्ट ने कहा कि याची तो कुछ भी कहेगा कम से कम वकील को तो अपना दिमाग लगाना चाहिए। साथ ही कोर्ट ने कहा कि यदि राम रहीम की लंबाई बढ़ी है तो इससे याची को क्या लेना देना। कोर्ट याची पर जुर्माना लगाने को तैयार था लेकिन बाद में बिना कोई जुर्माना लगाए हाईकोर्ट ने याचिका को खारिज कर दिया।
गौरतलब है कि पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में एक राम रहीम को लेकर याचिका दायर की गई है। जिसमें आरोप लगाया गया है कि रोहतक की जेल में जो गुरमीत राम रहीम बंद है वह नकली है वह असली डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत सिंह नहीं है। याचिका में कहा गया है कि वास्तविक डेरा प्रमुख को अगवा कर लिया गया है। बात दें कि इस याचिका को चंडीगढ़ निवासी अशोक कुमार व लगभग एक दर्जन डेरे के अनुयायियों ने हाई कोर्ट में लगाई है और साथ ही इस मामले की जांच कराने की मांग की है।
Leave a comment