
नई दिल्ली: भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। हालांकि देश के की राज्यों में मानसून ने दस्तक दे दी है लेकिन अन्य राज्यों में गर्मी के चलते लोगों बेहाल है। वहीं ज्यादा गर्मी से शरीर का तापमान सामान्य से अधिक बढ़ जाता है, जिसकी वजह से कई गंभीर समस्याएं जैसे उल्टी, दस्त और डिहाइड्रेशन इत्यदि हो जाती है। बता दें कि एक स्वस्थ इंसान के शरीर का सामान्य तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक होता है, लेकिन ज्यादा गर्मी के कारण तापमान बढ़ जाता है। अपने शरीर को गर्मी से बचाने के लिए इस मौसम में खानपान का खासतौर पर ध्यान रखना चाहिए। इसके लिए आज हम आप कुछ खास खाद्य के बारे में बताएंगे। जिसका सेवन करने से भीषण गर्मी आपसे कोषो दूर भागेगी।
तरबूज का करें सेवन
गर्मी में तरबूज खाने के अनेक फायदे होते हैं। तरबूज और उसके बीजों की गिरी शरीर को पुष्ट बनाती है। तरबूज में लाइकोपिन पाया जाता है जिससे त्वचा जवां बनी रहती है। तरबूज के सेवन से रक्तचाप संतुलित रहता है। आप चाहें तो तरबूज का जूस या शेक बनाकर भी पी सकती हैं या फिर आप इसे सीधे खा भी सकती हैं।
नारियल पानी का करें सेवन
नारियल पानी में विटामिन-सी, पोटैशियम, मैग्नीशियम आदि पोषक तत्व होते हैं, जो स्वाभाविक रूप से शरीर के तापमान को संतुलित करते हैं। जिन लोगों को गर्मी आते ही उच्च रक्तचाप की समस्या हो जाती है, उनके लिए नारियल पानी बहुत अच्छा होता है। नारियल पानी शरीर को पर्याप्त नमी भी देता है।
खरबूजा का करें सेवन
खरबूजे में 95 प्रतिशत पानी के साथ-साथ विटामिन व मिनरल्स होते हैं। शरीर में पानी की कमी को दूर करने के लिए खरबूजे का सेवन करना चाहिए। इसके बीज में प्रोटीन काफी मात्रा में होते हैं। खरबूजा खाने से पेट में जलन की समस्या दूर होती है।
गन्ने के रस का करें सेवन
गन्ने का रस पीने से तुरंत ऊर्जा मिलती है और कमजोरी दूर होती है। गन्ने के रस में भरपूर मात्रा में आयरन होता है, जिससे खून की कमी की समस्या दूर होती है। गन्ने का रस पीने से शरीर में नमी बनी रहती है। इसे पीने से ताजगी बनी रहती है और लू से भी बचाव होता है।
दही का करें सेवन
सेहतमंद रहने के लिए गर्मी के मौसम में दही जरूर खाएं। आसानी से उपलब्ध दही शरीर को भीतर से ठंडा रखकर गर्मी के मौसम में आपको सेहतमंद रखेगा।
छाछ/लस्सी का करें सेवन
छाछ व लस्सी दही का ही दूसरा प्रकार होता है, यह भी दही की तरह ही शरीर को ठंडा रखने में सहायता करता है। हमेशा फ्रेश छाछ पीने की ही कोशिश करें। स्वाद बढ़ाने के लिए आप इसमें धनिया पत्ता, जीरे का पाउडर और नमक भी मिला सकती हैं।
खीरे का सेवन करें
खीरे में बहुत अधिक मात्रा में पानी व जरूरी पोषक तत्व होते हैं। ज्यादातर लोग खीरे को बस सलाद के रूप में लेते हैं। पर, गर्मी के मौसम में सेहतमंद रहने के लिए हर दिन कम-से-कम दो-तीन खीरा जरूर खाएं। यदि गर्मी में आप बहुत बेचैनी या घबराहट महसूस करें तो खीरे का जूस निकालकर उसे तुरंत पी लें। शरीर का तापमान नियंत्रित हो जाएगा। खीरे का सेवन त्वचा के लिए भी फायदेमंद होता है।
नींबू-चाय की जुगलबंदी
चाय भारतीयों की पहली पसंद है, लेकिन गर्मी में चाय पीने से पेट संबंधी कई समस्याएं हो सकती हैं। अगर आप भी उन लोगों में से हैं जिनको चाय पीने की आदत है तो आपके लिए लेमन आइस टी गर्मी के मौसम में बेहतरीन विकल्प है। इसे पीने से आपको चाय का स्वाद, विटामिन-सी और शरीर को ठंडक भी मिलेगी। स्वाद बढ़ाने के लिए आप लेमन आइस टी में पुदीने की पत्तियां भी मिला सकती हैं।
Leave a comment