हरियाणा के इस शहर में बदमाशों का आंतक, पेट्रोल पंप पर हुई दिनदहाड़े लूट

हरियाणा के इस शहर में बदमाशों का आंतक, पेट्रोल पंप पर हुई दिनदहाड़े लूट

यमुनानगर: हरियाणा के यमुनानगर के अति व्यस्त इलाके मधु चौक के पास स्थित महिंद्रा पेट्रोल पंप पर दिनदहाड़े लूट का मामला सामने आया है। बाइक सवार दो बदमाशों ने करीब साढ़े 10 बजे यहां वारदात को अंजाम दिया। बाइक पर सवार नकाबपोश यहां पेट्रोल डलवाने आए थे और पेट्रोल डलवाने के बाद वे दोनों सेल्समैन से कैश लेकर फरार हो गए। जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मामला दर्ज कर कार्रवाई में जुटी हुई है।

यमुनानगर में जिला पुलिस अधीक्षक मोहित हांडा के आने के बाद भले ही क्राइम की वारदातें कम हुई हो लेकिन फिर भी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के साथ हरियाणा के इस जिले में क्राइम थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला मधु चौक के पास का है। जहां दिनदहाड़े शुक्रवार को लूट का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक करीब 10 बजकर 40 मिनट पर स्पलैंडर बाइक पर सवार दो युवक जिनका चेहरा रूमाल से ढका हुआ था पेट्रोल पंप पर पेट्रोल डलवाने पहुंचे। उन्होने बाइक में तेल डलवाया और बाइक चालक ने सेल्समैन को पेट्रोल के पैसे भी दिए। लेकिन जैसे ही वे चलने लगे तो तुरंत पीछे बैठे युवक ने सैल्समैन से कैश झपट लिया और दोनों फरार हो गए। सैल्समैन ने बताया कि उन्होने काफी शोर भी मचाया और उन्हे रोकने की कोशिश की लेकिन वे फरार हो गए। उन्होने बताया कि उस समय उनके हाथ में करीब 7 हजार रुपए कैश था

वहीं पुलिस अधिकारी ने बताया कि उनके पास पेट्रोल पंप पर स्नैचिंग की शिकायत आई है और साथ ही पेट्रोल पंप वालों ने उन्हे एक सीसीटीवी फुटेज भी दी है जिसमें स्नैचर स्पलैंडर बाइक पर सवार दिखाई दे रहे हैं। उन्होने बताया कि आरोपियों को सीसीटीवी के आघार पर जल्द ही काबू कर लिया जाएगा और कानून के मुताबिक उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। यमुनानगर में बेहद नशा होने की वजह से लूटमारी जैसी वारदातें आए दिन सामने आ रही हैं। हालांकि पुलिस लगातार नशाखोरी और नशा तस्करों पर लगाम कसने की कोशिश कर रही है लेकिन शायद अभी तक पुलिस नशे के सौदागरों यानि बड़े नशा तस्करों तक नहीं पहुंच पाई है जिस वजह से नशे पर लगाम नहीं कसी जा सकी। फिलहाल देखना होगा ये दोनों कब तक पकड़े जाते हैं।

Leave a comment