Haryana News: हरियाणा में सफाई कर्मचारियों की 37 दिनों से जारी हड़ताल आखिरकार समाप्त हो गई है। सरकार की ओर से कर्मचारियों की मांगों को मंजूरी दिए जाने के बाद सफाई कर्मचारी वापस काम पर लौट आए हैं। हड़ताल खत्म होने के बाद कर्मचारियों में खुशी का माहौल है और उन्होंने इसे अपनी एकजुटता और लंबे संघर्ष की जीत बताया है।
सफाई कर्मचारियों ने कहा कि उनकी मांगों को लेकर चलाए गए आंदोलन में कर्मचारियों की एकता ने अहम भूमिका निभाई। हड़ताल के दौरान सहयोग और समर्थन देने वाले सर्व कर्मचारी संघ, बिजली बोर्ड यूनियन, किसान संगठनों और विभिन्न नेताओं का भी सफाई कर्मचारियों ने आभार जताया। कर्मचारियों का कहना है कि सभी संगठनों और सहयोगियों के समर्थन से उनकी आवाज सरकार तक मजबूती से पहुंची।
सफाई कर्मचारी संघ के प्रधान सोमपाल पुहाल ने हड़ताल समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल और कृष्ण बेदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा कर्मचारियों की मांगों को स्वीकार किए जाने के बाद अब सफाई कर्मचारी अपने काम पर लौट आए हैं। हड़ताल खत्म होने से प्रदेश में सफाई व्यवस्था भी सामान्य होने की उम्मीद है।