Delhi News: ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 2026 की वजह से दिल्ली पुलिस ने नई ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। इसके मुताबिक, 12 और 13 सितंबर को ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 2026 की वजह से कुछ बदलाव किए गए है। इसके तहत सुबह 9:30 बजे से रात 9 बजे तक प्रमुख मार्गों पर यातायात में बदलाव और नियंत्रित आवागमन लागू रहेगा। साथ ही उन्होंने लोगों को सलाह दी है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें और इस दौरान अतिरिक्त समय लेकर चलें।
दिल्ली यातायात पुलिस ने एक पोस्ट में कहा, “12 सितंबर, 2026 को ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के मद्देनजर, दिल्ली भर के प्रमुख मार्गों पर सुबह 9:30 बजे से रात 9:00 बजे तक यातायात में बदलाव और नियंत्रित आवागमन लागू रहेगा। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें और अतिरिक्त समय लेकर चलें। जहां भी संभव हो, सार्वजनिक परिवहन, विशेष रूप से मेट्रो का उपयोग करें। यात्रियों को सलाह दी गई है कि जहां भी संभव हो, सार्वजनिक परिवहन, विशेष रूप से मेट्रो का उपयोग करें और यातायात कर्मियों द्वारा जारी किए गए निर्धारित वैकल्पिक मार्गों और निर्देशों का पालन करें।
जानें कहां रहेगी पांबदी
ट्रैफिक एडवाइजरी के मुताबिक भारत मंडपम और प्रगति मैदान के आसपास के इलाकों में वाहनों की आवाजाही पर खास पाबंदियां लागू रहेंगी। इसके साथ ही सेंट्रल दिल्ली को उत्तर, दक्षिण, पूर्व और पश्चिमी दिल्ली से जोड़ने वाले कई प्रमुख मार्गों पर भी ट्रैफिक को नियंत्रित किया जाएगा। लुटियंस दिल्ली की कई अहम सड़कों पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहने की संभावना है। प्रभावित प्रमुख कॉरिडोर में रिंग रोड, मथुरा रोड, भैरों मार्ग, तिलक मार्ग, इंडिया गेट और सी-हेक्सागन क्षेत्र, सरदार पटेल मार्ग, पटेल रोड, NH-48 और परेड रोड शामिल हैं। इसके अलावा लुटियंस दिल्ली की कई अन्य सड़कों पर भी ट्रैफिक प्रतिबंध लागू रहेंगे।