
रोहतक: हरियाणा के रोहतक जिले में रेवाड़ी के एडिशनल सेशन जज के गनमैन ने भालोठ गांव में मोटरसाइकिल के सर्विस सेंटर पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है। सुसाइड नोट में जज तथा उनकी पत्नी पर प्रताड़ना के आरोप लगाते हुए आत्महत्या की वजह लिखा गया है। फिलहाल इस मामले में आईएमटी थाना पुलिस मामले की जांच करने में जुटी हुई है। परिजन आरोप लगा रहे हैं कि मृतक कॉन्स्टेबल उन्हें जज द्वारा प्रताड़ित करने की बात हमेशा कहता था।
रोहतक जिले के किलोई गांव का रहने वाला सुनील हरियाणा पुलिस में कांस्टेबल के पद पर कार्यरत था और रेवाड़ी के एडीशनल सेशन जज के गनमैन के तौर पर तैनात था। देर शाम भालोट गांव में अपने भाई के मोटरसाइकिल सर्विस सेंटर पर अपनी सर्विस रिवाल्वर से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मौके से एक सुसाइड नोट भी प्राप्त हुआ जिसमें जज व उनकी पत्नी पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।
घटना की सूचना मिलने के बाद आईएमटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के लिए एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया, यही नहीं आईपीएस मेधा भूषण ने भी मौके पर पहुंचकर मुआयना किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए रोहतक पीजीआई भेज दिया गया। मृतक के भाई राजेश ने बताया कि सुनील पहले भी कई बार उनसे इस बारे में बात कर चुका है कि एडीजे व उनकी पत्नी उसे प्रताड़ित करते हैं और सुसाइड नोट में भी इस तरह से ही लिखा गया है। उन्होंने कहा कि कोई भी ऐसे ही सुसाइड नहीं कर लेता, इसलिए इस मामले में उन्हें न्याय मिलना चाहिए।
आईएमटी थाना प्रभारी कैलाश चंद का कहना है कि घटना की सूचना मिलने के बाद वह तुरंत मौके पर पहुंच गए और शव को पोस्टमार्टम के लिए रोहतक पीजीआई भेज दिया गया है। सुसाइड नोट में जो तथ्य लिखे हुए हैं उनकी जांच की जा रही है और परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह के भी तथ्य सामने आएंगे उसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
Leave a comment