Haryana News: हरियाणा के रेवाड़ी में अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के अलग-अलग दो होटलों में छापेमारी की। पुलिस ने दोनों स्थानों से 7 युवतियों और 4 युवकों को संदिग्ध परिस्थितियों में हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।
पहली कार्रवाई रामपुरा थाना क्षेत्र में सीएसडी कैंटीन के पास स्थित एक होटल में एएसपी दीपिका अग्रवाल के नेतृत्व में की गई। यहां पुलिस टीम ने 4 युवतियों और 2 युवकों को हिरासत में लिया। वहीं दूसरी कार्रवाई बावल रोड स्थित बिठवाना चौक के पास एक होटल में डीएसपी संजीव बल्हारा के नेतृत्व में की गई, जहां से 3 युवतियों और 2 युवकों को काबू किया गया।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को कुछ होटलों में अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की सूचना मिल रही थी। इसके बाद एसपी हेमेंद्र मीणा के निर्देश पर अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने ग्राहक भेजकर मामले की पड़ताल की और सूचना की पुष्टि के बाद दोनों होटलों में छापेमारी की।
जानकारी में एक युवती के लिए 1500 से 2000 रुपये में सौदा तय होने की बात सामने आ रही है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने एक होटल संचालक को भी हिरासत में लिए जाने की जानकारी दी है। वहीं पुलिस की नजर शहर के कुछ अन्य होटलों पर भी है और जांच के आधार पर वहां भी कार्रवाई की जा सकती है।
डीएसपी संजीव बल्हारा ने कहा कि पुलिस की ओर से अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। जहां भी ऐसी गतिविधियों की सूचना मिलेगी, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि होटल संचालकों को भी इस तरह की गतिविधियों से दूर रहने की हिदायत दी गई है।