Haryana News: हरियाणा के रेवाड़ी में पुलिस ने गोकलपुर के पास हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड मामले में एक के बाद तीन और आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद कर ली है।
डीएसपी सुरेंद्र श्योराण ने बताया कि गत 21 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव गोकलपुर के पास तीन युवक घायल अवस्था में पड़े हैं। सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। मौके पर गांव मांढ़िया कलां निवासी एक युवक जतिन मृत अवस्था में मिला, जबकि दो अन्य घायल थे। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान एक और युवक गांव निगांनियावास निवासी हिमेश की मौत हो गई थी। तीसरे युवक गांव बुड़ाना निवासी यशपाल को मामूली चोटें आई थीं। पुलिस ने जतिन के पिता देशराज के बयान पर 4 गांवों के 9 नामजद सहित कई आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू की थी।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र मीणा ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया और सीन ऑफ क्राइम टीम को साक्ष्य जुटाने के निर्देश दिए। एसपी ने सीआईए व थाना सदर की विशेष टीमों का गठन कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के कड़े आदेश जारी किए। पुलिस टीमों ने तत्परता दिखाते हुए गत 22 अगस्त को ही इस दोहरे हत्याकांड की पूरी साजिश में शामिल आरोपी तरुण उर्फ टीका निवासी गांव बुड़ानी को गिरफ्तार कर लिया था। डीएसपी ने बताया कि पुलिस टीम ने अब मामले में संलिप्त तीन और आरोपी मंजीत निवासी गांव सिलारपुर जिला खैरथल तिजारा राजस्थान, पवित्र व गौरव उर्फ गुल्लू निवासी जड़थल को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने इन आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त ब्रेज़ा गाड़ी बरामद कर ली है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि यह दोहरा हत्याकांड पुरानी रंजिश का नतीजा है। गांव बुड़ाना निवासी यशपाल और उसके साथी कांवड़ यात्रा के लिए पिकअप गाड़ी तैयार कर रहे थे। इसी दौरान बुड़ानी निवासी नीरज की वहां से गुजरते समय यशपाल पक्ष से कहासुनी व गाली-गलौच हो गई थी। इसी के चलते यशपाल व उसके साथियों ने बुड़ानी के एक युवक के साथ मारपीट कर उसके पैर तोड़ दिए। इसी रंजिश का बदला लेने के लिए आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से इस वारदात को अंजाम दिया। मृतक जतिन और हिमेश का कोई पिछला आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। वहीं, घायल यशपाल पर पहले से मारपीट के 7 मामले दर्ज हैं।
गिरफ्तार तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान वारदात में प्रयुक्त हथियारों की बरामदगी तथा फरार अन्य सह-आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सघन पूछताछ की जाएगी। मामले की जांच जारी है।