Entertainment News: टीवी के चर्चित कपल रहे हिमांशी खुराना और आसिम रियाज एक बार फिर अपने पुराने रिश्ते को लेकर सुर्खियों में हैं। दोनों ने अपने ब्रेकअप और रिश्ते में आई दरार को लेकर अलग-अलग दावे किए हैं। हाल ही में पारस छाबड़ा के पॉडकास्ट में हिमांशी ने अपने और आसिम के रिश्ते पर खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि दोनों के बीच धार्मिक मान्यताओं को लेकर मतभेद थे और उनसे इस्लाम धर्म अपनाने के लिए कहा गया था। हिमांशी के मुताबिक, इन मतभेदों ने उनके रिश्ते को खत्म करने में अहम भूमिका निभाई।
वहीं, आसिम रियाज ने सोमवार को एक बयान जारी कर इन दावों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी किसी से धर्म बदलने के लिए नहीं कहा। हालांकि, उन्होंने हिमांशी का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया। आसिम ने यह भी दावा किया कि ब्रेकअप के करीब तीन महीने बाद उनसे दोबारा संपर्क किया गया था और रिश्ते को फिर से शुरू करने की इच्छा जताई गई थी।
आसिम के बयान के कुछ घंटों बाद हिमांशी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी प्रतिक्रिया साझा की। हालांकि उन्होंने भी आसिम का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया, लेकिन उनके पोस्ट को इसी विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है। हिमांशी ने साफ किया कि उन्होंने कभी 'जबरन धर्मांतरण' का आरोप नहीं लगाया था और उनके मुताबिक यह कहानी लोगों और मीडिया की ओर से बनाई गई है।
हिमांशी ने कहा कि उन्होंने हमेशा अपनी निजी जिंदगी और अनुभवों को सार्वजनिक रूप से साझा करते समय सावधानी और सम्मान बरता है। उन्होंने बताया कि बिग बॉस का अनुभव हो, उनकी आध्यात्मिक यात्रा या स्वास्थ्य से जुड़े संघर्ष। उन्होंने इन सबके बारे में ईमानदारी से बात की है। लेकिन जब उनकी सेहत और निजी संघर्षों का मजाक बनाया गया और उन पर सवाल उठाए गए, तो उन्होंने इस मुद्दे पर खुलकर जवाब देने का फैसला किया।
अपने पोस्ट में हिमांशी ने यह भी कहा कि अगर बात सबूतों की हो रही है तो वह धर्मांतरण से जुड़े मामले और कथित हिंसा से संबंधित तथ्यों और सबूतों को सामने रखने के लिए तैयार हैं। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज और रिकॉर्डिंग का भी जिक्र किया और 27 नवंबर 2023 की सुबह की घटना की ओर इशारा किया। साथ ही उन्होंने कहा कि अगर उनकी छवि खराब करने की कोशिश की जाती है, तो वह चुप नहीं रहेंगी और जरूरत पड़ने पर तथ्यों और जवाबदेही के साथ पूरी बात सामने रखेंगी।
हिमांशी ने यह सवाल भी उठाया कि जब दूसरे लोग अपने निजी अनुभव खुलकर साझा करते हैं, तो उनके अपनी जिंदगी और अनुभवों के बारे में बोलने पर लोगों को परेशानी क्यों होती है। उन्होंने कहा कि अपनी कहानी साझा करना उनका अधिकार है और इसके लिए उन्हें अलग नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए।
बता दें कि हिमांशी खुराना और आसिम रियाज की मुलाकात 2019 में 'बिग बॉस 13' के दौरान हुई थी। शो में दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और इसके बाद दोनों करीब चार साल तक रिश्ते में रहे। दिसंबर 2023 में दोनों के ब्रेकअप की खबर सामने आई थी। अब करीब ढाई साल बाद पुराने रिश्ते को लेकर दोनों के बयानों ने एक बार फिर इस जोड़ी को चर्चा में ला दिया है।