Haryana News: हरियाणा में सोनीपत में भ्रष्टाचार के खिलाफ शिकायत करना एक कर्मचारी नेता को भारी पड़ गया। हुड्डा पब्लिक हेल्थ कर्मचारी यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष और शिकायतकर्ता रामकिशन नागर पर कथित तौर पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला किया गया। हमले में रामकिशन नागर के हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल लाया गया। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है।
जानकारी के मुताबिक, एक गाड़ी से दो व्यक्ति नीचे उतरते हैं और रामकिशन नागर पर लाठी-डंडों से हमला कर देते हैं। हमले से बचने के लिए रामकिशन नागर मदद के लिए आवाज लगाते हैं। उनकी आवाज सुनकर एक व्यक्ति मौके की तरफ दौड़ता हुआ आता है। उसे आता देख आरोपी मौके से फरार हो जाते हैं। हमले में घायल का आरोप है कि उन्होंने कथित भ्रष्टाचार को लेकर शिकायत की थी। उनका आरोप है कि एक ठेकेदार पिछले कई वर्षों से टेंडर ले रहा है और कथित तौर पर फर्जी बिल प्रस्तुत कर रहा है, जबकि मौके पर निर्धारित कार्य नहीं हो रहे हैं। इससे सरकार को आर्थिक नुकसान होने का आरोप लगाया गया है। रामकिशन नागर का आरोप है कि इसी शिकायत से नाराज होकर ठेकेदार ने उन पर हमला करवाया। उनका कहना है कि अब उन्हें अपनी जान-माल का खतरा बना हुआ है। उन्होंने पुलिस से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने और सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है।
जांच में जुटी पुलिस
वहीं, घटना की सूचना मिलने के बाद सेक्टर-27 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। इस घटना से संबंधित जांच एसीपी लेवल के अधिकारी को सौंप दी गई है। अब पुलिस जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि हमले के पीछे वास्तविक वजह क्या थी और वारदात में कौन-कौन लोग शामिल थे। लेकिन सीसीटीवी में कैद हुई तस्वीरों ने इस पूरे मामले को गंभीर जरूर बना दिया है। अब पीड़ित की मांग है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और उसे सुरक्षा दी जाए।