Haryana News: हरियाणा में जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) ने अपने संगठन का विस्तार किया है। 15 पदाधिकारियों के नाम की घोषणा की गई है। पार्टी ने प्रदेश स्तर से लेकर जिला और हलका स्तर तक विभिन्न पदों पर नई नियुक्तियां की हैं। इसके तहत कानूनी, बुद्धिजीवी एवं प्रौद्योगिकी प्रकोष्ठ, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ, महिला संगठन और जिला इकाइयों में पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
जेजेपी ने कानूनी, बुद्धिजीवी एवं प्रौद्योगिकी प्रकोष्ठ का प्रदेश प्रभारी एडवोकेट जगबीर मलिक को नियुक्त किया है, जबकि वीरेंद्र सिंधु को इस प्रकोष्ठ का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी मोहसीन चौधरी को सौंपी गई है। प्रदेश कार्यकारिणी में संजय दलाल को प्रदेश उपाध्यक्ष, प्रदीप गोयल को प्रदेश सहसचिव और बलवंत राणा को प्रदेश सदस्य बनाया गया है।
जिला स्तर पर भी नियुक्तियां
पार्टी ने जिला स्तर पर भी संगठन को मजबूत करने के लिए नई नियुक्तियां की हैं। झज्जर जिले के प्रभारी की जिम्मेदारी उपेंद्र कादयान को दी गई है, जबकि अजय गुलिया को झज्जर का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। रेवाड़ी में राव अभिमन्यु को जिला कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। महिला संगठन में पंचकूला की जिला अध्यक्ष के रूप में सुदेश पंवार को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
हलका स्तर पर इन नेताओं को मिली जिम्मेदारी
जेजेपी की ओर से हलका स्तर पर भी पदाधिकारियों की घोषणा की गई है। नारनौंद में अमरजीत मलिक को हलका प्रभारी नियुक्त किया गया है। बादली में बलवान हसनपुर, भिवानी में अवतार सांगवान और रतिया में मोहित सरपंच को हलका प्रधान की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, असंध में रेनू को महिला हलका अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।