Bihar News:पटना में सरकारी योजनाओं और विकास परियोजनाओं की निगरानी को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026 को 'संकल्प' डैशबोर्ड और 'समन्वय' पोर्टल का शुभारंभ किया। पटना स्थित मुख्य सचिवालय के 'संवाद' सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि इन डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से राज्य के सभी 48 विभागों के महत्वपूर्ण कार्यों और परियोजनाओं की जानकारी एक ही जगह उपलब्ध होगी। इससे योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आएगी और अधिकारियों की जवाबदेही भी सुनिश्चित की जा सकेगी।
मुख्यमंत्री सचिवालय के सचिव संजय कुमार सिंह ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से दोनों प्लेटफॉर्म की कार्यप्रणाली की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 'संकल्प' डैशबोर्ड में छह प्रमुख मॉड्यूल बनाए गए हैं, जिनमें मुख्यमंत्री स्तर की समीक्षा, परियोजना एवं निवेश, विभागीय प्रस्तुतीकरण, निष्पादन एवं रैंकिंग, समन्वय एवं एस्केलेशन तथा क्षेत्र एवं जनसंपर्क शामिल हैं। इसके अलावा 20 से अधिक सब-मॉड्यूल के जरिए सरकारी योजनाओं, विकास परियोजनाओं, विभागीय कार्यों और समीक्षा बैठकों में दिए गए निर्देशों की प्रगति पर नजर रखी जाएगी। मंत्रिपरिषद के निर्णयों और महत्वपूर्ण पत्रों पर हुई कार्रवाई की जानकारी भी एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगी।
केंद्र से मिलने वाली राशि और राष्ट्रीय रैंकिंग की होगी निगरानी
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि 'समन्वय' पोर्टल के माध्यम से बिहार सरकार और केंद्र सरकार के बीच बेहतर तालमेल स्थापित किया जाएगा। इसके जरिए केंद्रीय योजनाओं की प्रगति, केंद्र से मिलने वाली राशि के उपयोग और राष्ट्रीय रैंकिंग से जुड़े महत्वपूर्ण मामलों की निगरानी की जा सकेगी। दिल्ली में बिहार के रेजिडेंट कमिश्नर समन्वय की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। मुख्यमंत्री के अनुसार, इससे केंद्र प्रायोजित योजनाओं का क्रियान्वयन बेहतर होगा और सरकारी राशि का समय पर सदुपयोग सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
पटना में बढ़ेंगे CCTV कैमरे, जनता की शिकायतों के समाधान पर जोर
मुख्यमंत्री ने पंचायती राज विभाग और नगर विकास एवं आवास विभाग को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा उनकी एकीकृत निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि पटना में फिलहाल 2,500 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और इनकी संख्या बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि 'संकल्प' डैशबोर्ड और 'समन्वय' पोर्टल से सरकारी कामकाज में तेजी आएगी तथा जनता की समस्याओं का समाधान समय पर करने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, कई मंत्री, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक प्रीता वर्मा और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
Also read: PM Modi News: पीएम मोदी ने दुनिया को दिया ‘Power to Empower’ का मंत्र, बताया 21वीं सदी में असली पावर क्या है