Haryana News: हरियाणा के सिरसा में बिजली कर्मचारियों की हड़ताल के चलते बिजली निगम के सामने उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति देने की चुनौती खड़ी हो गई है। जिले में बिजली संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए निगम की ओर से बरनाला रोड स्थित 33 केवी सब-स्टेशन में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इसके साथ ही शिकायतों के निपटारे के लिए 10 सदस्यीय टीम गठित की गई है। निगम के अधिकारियों का कहना है कि कर्मचारियों की हड़ताल के बावजूद बिजली व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
बिजली निगम के अधीक्षण अभियंता इंजीनियर आशुतोष कुमार पांचाल ने जानकारी देते हुए बताया कि सिरसा में कुल 1743 कर्मचारियों में से 1713 कर्मचारी हड़ताल पर हैं। कर्मचारियों की बड़ी संख्या में अनुपस्थिति के चलते बिजली व्यवस्था को संभालने में परेशानियां आ रही हैं। हालांकि, निगम की ओर से ठेकेदारों के माध्यम से उपलब्ध लेबर की सेवाएं भी ली जा रही हैं, ताकि बिजली आपूर्ति को जल्द से जल्द बहाल किया जा सके। उन्होंने बताया कि जिले में कुल 893 फीडरों में से 21 फीडर बंद हैं, जिसके चलते कई इलाकों में बिजली संबंधी समस्याएं सामने आ रही हैं। इन समस्याओं को दूर करने के लिए टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं।
इन नंबरों पर दर्ज कराएं शिकायते
हड़ताल की अवधि के दौरान उपभोक्ताओं की शिकायतें दर्ज करने के लिए कंट्रोल रूम के टेलीफोन नंबर 01666-238489, 01666-238487, 98121-63045 और 98121-63046 चौबीसों घंटे चालू रहेंगे। उपभोक्ता इन नंबरों पर संपर्क कर बिजली संबंधी अपनी समस्याएं दर्ज करवा सकते हैं। अधीक्षण अभियंता ने बिजली उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे इस दौरान संयम बनाए रखें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बिजली संबंधी समस्याओं को दूर करने और व्यवस्था को सामान्य बनाए रखने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। वही पुलिस प्रशाशन का सहयोग भी लिया जा रहा है ताकि कोई घटना न हो।