CJP News: राजधानी दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेताओं सौरव दास और आशुतोष रांका को दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने गुरुवार को राजौरी गार्डन स्थित अपने कार्यालय में बुलाया है। यह घटनाक्रम स्पेशल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट (SEM) कोर्ट की ओर से दोनों नेताओं को न्यायिक हिरासत से रिहा करने का आदेश दिए जाने के एक दिन बाद सामने आया है। कोर्ट ने उनके निजी और जमानती बॉन्ड स्वीकार करने के साथ शांति बनाए रखने और कानून का पालन करने संबंधी लिखित अंडरटेकिंग भी ली थी।
SEM रितु राज ने सौरव दास और आशुतोष रांका को जांच पूरी होने तक 50,000 रुपये के निजी और जमानती बॉन्ड भरने का निर्देश दिया। साथ ही, दोनों नेताओं को हर सुनवाई की तारीख पर अदालत में उपस्थित रहने और बॉन्ड व लिखित अंडरटेकिंग में तय शर्तों का पालन करने को कहा गया। अपने लिखित आश्वासन में दोनों नेताओं ने शांति भंग नहीं करने और सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने का वादा किया। उन्होंने यह भी कहा कि जब तक जंतर-मंतर को कानून के अनुसार डीनोटिफाई नहीं किया जाता, तब तक वे वहां विरोध प्रदर्शन नहीं करेंगे। भविष्य में किसी भी प्रदर्शन को संवैधानिक दायरे में आयोजित करने की बात भी कही गई।
कोर्ट ने न्यायिक हिरासत को जरूरी नहीं माना
रिहाई का आदेश देते हुए SEM कोर्ट ने कहा कि इस स्तर पर न्यायिक हिरासत जारी रखना जरूरी नहीं लगता, खासकर तब जब दोनों नेताओं ने अदालत के सामने लिखित अंडरटेकिंग दी है। हालांकि, अदालत ने स्पष्ट किया कि मामले की जांच कानून के मुताबिक जारी रहेगी।
कोर्ट ने जांच अधिकारी को अगली सुनवाई में जमानतदारों के सत्यापन से जुड़ी रिपोर्ट पेश करने का निर्देश भी दिया। मामले को आगे की सुनवाई के लिए 23 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे सूचीबद्ध किया गया है। दोनों नेताओं और उनके जमानतदारों को उस दिन अदालत में उपस्थित रहने के लिए कहा गया है।