Haryana News: हरियाणा के बराड़ा में एक दर्दनाक हादसा हो गया। जहां बाइक सवार दो युवकों को एक कार ने टक्कर मार दी, जिससे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मृत के शव को पोस्टमार्टम के लिए एमएम अस्पताल मुलाना में भिजवाया और कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अंबाला छावनी के बाजीगर मोहल्ला निवासी विशाल और विक्रम कार्यक्रमों में ढोल बजाने का काम करते हैं। यह दोनों ही बुधवार को थाना छप्पर में किसी कार्यक्रम में आए थे, कार्यक्रम के बाद वह रात अधोया रोड से वाया शाहबाद अंबाला छावनी जा रहे थे। गांव अधोई के पास तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे विशाल की मौत हो गई जबकि विक्रम गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद भारी संख्या में ग्रामीण वहां इकट्टे हो गए और घायलों को संभाला। ग्रामीणों से सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्प्ताल ले गए।
जांच में जुटी पुलिस
जांच अधिकारी अंग्रेज सिंह ने बताया कि विक्रम को इलाज के लिए एमएम अस्पताल मुलाना में दाखिल कराया गया है और विशाल के शव को भी यहीं रखवाया गया है। मृतक के परिजनों को सूचित किया गया और परिजन अस्पताल पहुंच गए। बृहस्पतिवार को विशाल के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया जाएगा। मामले की जांच जारी है। वहीं बताया जा रहा है कि कार चालक नशे में धुत्त था।